नागरिक सर्तकता समिति ने दिया सांकेतिक धरना
नागरिकसर्तकता समिति ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर न्यायालय के आदेशों की यथास्थिति बनाए रखने के लिए नगर परिषद के बाहर सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक सांकेतिक धरना दिया।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने बताया कि हाईकोर्ट के यथास्थिति आदेशों की अवहेलना कर षड्यंत्रपूर्वक नगर परिषद भूमि में शहर परकोटों को तोड़कर अवैध मार्ग खोलने के विरोध में एवं शासन प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार को संरक्षण देने के विरोध में यह धरना दिया गया।
धरने के बाद समिति के शिष्टमंडल ने परिषद आयुक्त मुरारीलाल वर्मा से मुलाकात कर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया। इस दौरान समिति कार्यकर्ता मनजीत सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने आयुक्त के समक्ष रोष जताया। मौके पर गुलाबचंद शर्मा, महेश कुमार शर्मा, रामपाल कुमावत, सुरेश वैष्णव, विशाल ठाकुर, नीरा काठात, संपति, कैलाशचंद जांगिड़, श्रवणलाल, विनोद आदि मौजूद थे।