केमिकल से भरा टैंकर पलटा
अजमेररोड नेशनल हाइवे पर सोमवार शाम केमिकल से भरा टेंकर असंतुलित होकर पलट गया। जिससे लाखों रुपए का केमिकल सड़क पर बह गया। गनीमत रही कि हादसे में टेंकर चालक बाल बाल बच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने टेंकर को सीधा करवाया और क्षेत्र में मुनादी करवा कर लोगों को केमिकल खतरनाक होने के बारे में जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार बाड़मेर के बालेसर निवासी नीमसिंह(52) सोमवार को मुंदरा से 2 हजार 400 किलोग्राम पॉम का केमिकल एवरीजिन भरकर गुजरला जा रहा था। सोमवार शाम अजमेर रोड बाइपास पर पुलिया के समीप ड्राइवर को नींद का झौंका आने के कारण केमिकल से भरा टेंकर डिवाइडर पर चढ़ गया और असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में ड्राइवर बाल बाल बच गया लेकिन टैंकर क्षतिग्रस्त होने के कारण केमिकल सड़क पर बह गया। सूचना मिलने पर सदर थाने के एसआई सुरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल हुकम सिंह, बीरबल, राजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। ट्रक में से मिली बिल्टी के अनुसार टेंकर में भरे केमिकल की कीमत 24 लाख 20 हजार 500 रुपए थी।
गंधसे परेशान हुए लोग : केमिकलके टेंकर के पलटने के कारण सारा केमिकल सड़क पर बह गया। उसकी गंध के कारण लोगों के जी मचलाने और आंखों में जलन की शिकायत होने लगी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलवा कर पानी का छिड़काव करवाया और क्षेत्र में लोगाें को केमिकल के खतरनाक होने की मुनादी करवाई। पुलिस ने क्रेन की मदद से टेंकर को सीधा करवाया। इस दौरान टेंकर कई जगहों से क्षतिग्रस्त हो गया। जिस कारण उसमें से केमिकल सड़क पर बह गया। एहतियातन पुलिस ने बहे हुए केमिकल पर मिट्टी भी डलवा दी।
ब्यावर. सड़कपर पलटा केमिकल से भरा टेंकर और सड़क पर फैला केमिकल।