चितौड़गढ़। क्षेत्र के सोनगर का खेड़ा गांव में रविवार को दो भाईयों के बीच आपसी झगड़े में बीच-बचाव करने गए चचेरे भाई की एक भाई ने गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से भागकर कुएं में जा कूदा, जिससे वह भी घायल हो गया। पुलिस ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना क्षेत्र में जयनगर ग्राम पंचायत के सोनगर का खेड़ा गांव में रविवार सुबह एक ही परिवार के आपसी झगड़े के दौरान हुई धक्का-मुक्की में अर्जुनलाल (40) पुत्र मांगीलाल जटिया की मौत हो गई। बेगूं सीएचसी में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। बताया गया कि सोनगर का खेड़ा में खेत पर जाने की बात को लेकर दो भाई चैनसुख और फोरू जटिया आपस में झगड़ रहे थे। दोनों को छुड़ाने बीच-बचाव के लिए चचेरा भाई अर्जुनलाल जटिया वहां आया।
इस दौरान चैनसुख ने धक्का-मुक्की करते हुए चचेरे भाई अर्जुन का गला दबा दिया और मुक्का मारा। इससे अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई। यह देख चैनसुख मौके से भागा और गांव से करीब दो किलोमीटर दूर खुद के ही लगभग 70 फीट गहरे सूखे कुएं में कूद गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से चैनसुख को बाहर निकाला।
कुएं में गिरने से चैनसुख के पांव में भी फ्रैक्चर हो गया, जिसे अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। कार्यवाहक डीएसपी यादराम सीआई राजेंद्र चौधरी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने आरोपी चैनसुख जटिया के खिलाफ हत्या आत्महत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया।
बताया गया कि अर्जुन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके भी तीन लड़के दो लड़कियां हैं।