- Hindi News
- पहले दिन ही दशहरा मेले में उमड़े मेलार्थी
पहले दिन ही दशहरा मेले में उमड़े मेलार्थी
नगरमें आयोजित राष्ट्रीय दशहरा मेले के पहले ही दिन गुरूवार को मेला प्रांगण मेलार्थियों से गुलजार हो उठा।
मेलार्थियों ने मेला प्रांगण का भ्रमण कर खरीदारी की, वहीं बच्चों की ट्रेन, चकरी झूला एवं हेलीकॉप्टर जीप आदि छोटे झूले भी बच्चों के लिए आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं। मेलार्थियों ने रामलीला मंचन का भी आनंद लिया। दूसरी ओर, मीरा रंगमंच पर गुरुवार रात दीप इवेंट मैनेजमेंट चित्तौड़गढ़ की ओर से आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में आर्केस्ट्रा कलाकार सिमरन, प्रतिज्ञा, उर्वशी, रश्मि आदि कलाकारों ने बॉलीवुड, हॉलीवुड एवं राजस्थानी गीतों पर डांस प्रस्तुतियां दी। मुख्य अतिथि विधायक श्रीचंद कृपलानी, पूर्व विधायक अशोक नवलखा एवं अधिकारियों ने दीप प्रज्जवलित किया। मीरा रंगमंच संयोजक मनोहरलाल चौधरी ने स्वागत किया। मेले में पुराने मीरा रंगमंच के पास मुजफ्फरनगर यूपी के सुनीलकुमार द्वारा सजाई गई गणपतिजी की जीवंत झांकी ने मेलार्थियों को आकर्षित किया। मेला संयोजक पारसमल पारख ने बताया कि मेले के तीसरे दिन शनिवार को मीरा रंगमंच पर सिद्धि विनायक इवेंट्स प्रोडक्शन आर्केस्ट्रा के साथ पंजाबी पॉप सिंगर दलेर मेहंदी जलवा बिखेरेंगे। इधर, गोपाललाल कुमावत ने बताया कि श्री ब्रजराज रासेश्वरी रामलीला रासलीला मथुरा के कलाकारों द्वारा शनिवार को श्रीरामचरित मानस के धनुष यज्ञ प्रसंग का मंचन किया जाएगा। अशोक वाटिका के पास दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी, पालिका अध्यक्ष ममता शारदा एवं डॉ. जेएम जैन ने किया। उदघाटन मैच फलवा एवं धनरों के बीच हुआ जिसमें फलवा टीम विजेता रही। दूसरा मैच निम्बाहेड़ा एवं बड़ीसादड़ी के गांव खेरमालिया की टीम के बीच हुआ जिसमें निम्बाहेड़ा की टीम विजयी रही।
निम्बाहेड़ा | दशहरामेला में मीरा रंगमंच पर गुरुवार रात को सांस्कृतिक प्रस्तुति देते कलाकार
40 फीट ऊंचे पुतले का होगा दहन
बेगूं. दशहरेपर नगरपालिका द्वारा मेले का आयोजन किया जाएगा। इसी दौरान 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। नपा ईओ साबिर हुसैन ने बताया कि तीन अक्टूबर को राउमावि छापरा मैदान पर मेले का आयोजन होगा। आतिशबाजी के साथ पुतले का दहन होगा। बड़ोदिया महादेव से भगवान राम दरबार की झांकी का जुलूस निकलेगा। इसमें बजरंग व्यायामशाला के पहलवानों द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा।