पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • भक्ति में अटूट विश्वास हो तो भगवान खुद करते हैं रक्षा: जया किशोरी

भक्ति में अटूट विश्वास हो तो भगवान खुद करते हैं रक्षा: जया किशोरी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भादरा. जो भगवान में सच्चे मन से आस्था रखते हैं और ईश्वर में विश्वास रखते हैं उन पर परिस्थितियां कभी भी भारी नहीं पड़ती बल्कि अनुकूल हो जाती है। जब नरसी भक्त नानी बाई का मायरा लेकर घर से चले तो उनके पास अपनी बेटी को देने के लिए कुछ भी नहीं था परंतु भगवान के प्रति उनका अटूट विश्वास था और यह आस्था थी कि भगवान नानी बाई के मायरे का इंतजाम अपने आप करेंगे। इसी आस्था के वशीभूत होकर स्वयं नारायण को धरती पर आकर नानी बाई का मायरा भरना पड़ा।

ये शब्द नारायण सेवा संस्थान उदयपुर श्रीगणेश उत्सव मंडल के संयुक्त तत्वावधान से राउमावि के खेल मैदान में चल रही नानी बाई रो मायरो कथा के अंतिम दिन वाचन करते हुए जया किशोरी ने कहे। उन्होंने कहा कि जब नरसी भक्त नानी बाई का मायरा भरने गए तो लोगों ने उनकी गरीबी का मजाक उड़ाया परंतु स्वयं नारायण ने अपने भक्त की लाज की रक्षा की।

उन्होंने कहा कि गरीब का उपहास करने वालो से ईश्वर कभी खुश नहीं रह सकते। गरीबों की मदद करना भी अपने आप में ईश्वर की भक्ति है। अपने अपने परिवार के लिए तो सभी करते हैं परंतु गरीब, दीन-दुखियों के लिए जाे करता है उसी पर ही भगवत कृपा होती है। उन्होंने कहा कि संसार में सत्य केवल ईश्वर है। उन्होंने मनुष्य जीवन में मां के स्थान को सर्वोच्च बताते हुए कहा कि मां की सेवा भगवान की पूजा से भी बड़ी है। बचपन में एक बच्चे पर जो मां के उपकार होते हैं उन्हें कभी नहीं भुलाना चाहिए और जो बड़े होकर अपनी मां का निरादर करते हैं वह ईश्वर के अपमान के बराबर है। शनिवार को नानी बाई रो मायरो कथा का समापन हुआ।

इस मौके पर एसडीएम नरेंद्र कुलहरी, डीवाईएसपी नानगराम मीना, थानाप्रभारी गोपालसिंह ढ़ाका, जिला प्रमुख शोभासिंह डूडी, जगदीश प्रसाद टोकसिया, महाराजा अग्रसेन शिक्षण संस्थान के चेयरमैन सुशील गुप्ता, मुरली मनोहर शर्मा, रामेश्वरलाल डोबीवाला, राजेंद्र टोकसिया, गोविंद सर्राफ, दयानंद खोखेवाला समेत कस्बे के अनेक लोगों ने विशेष योग्यजनों को ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर बैसाखियां वितरित की।

इस मौके पर कस्बे के अनेक लोगों ने नारायण सेवा संस्थान उदयपुर को विशेष योग्यजन के लिए लाखों रुपए की सहयोग राशि प्रदान की।