- Hindi News
- नोहर में ही होगी अब पारिवारिक प्रकरणों की सुनवाई
नोहर में ही होगी अब पारिवारिक प्रकरणों की सुनवाई
नोहर| पारिवारिकप्रकरणों का क्षेत्राधिकार फिर से परिवर्तित कर अब नोहर कर दिया गया है। इससे पूर्व पक्षकारों को जिला मुख्यालय जाना पड़ता था। इस पर पांचों न्यायालय के अधिवक्ता, पक्षकार और नागरिकों ने खुशी व्यक्त की है। महिला पक्षकारों को अब पारिवारिक जिला न्यायालय हनुमानगढ़ के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
राजस्थान सरकार के विधि एवं विधिक कार्य विभाग की अधिसूचना पर जिला पारिवारिक न्यायालय ने नोहर क्षेत्र की सभी पारिवारिक प्रकरणों की पत्रावलियां संबधित स्थानीय न्यायालयों में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश सुषमा पारीक ने बताया कि क्षेत्र के पारिवारिक नए प्रकरण भी भविष्य में संबंधित स्थानीय न्यायालयों में प्रस्तुत होंगे। यहां से हनुमानगढ़ भेजे गए प्रकरणों की पत्रावलियां शीघ्र नोहर जाएंगी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार राजस्थान उच्च न्यायालय के परामर्श से पूर्व में सृजित एवं स्थापित समस्त पारिवारिक न्यायालयों का क्षेत्राधिकार परिवर्तित कर दिया है। गौरतलब है कि नोहर, भादरा, रावतसर, टिब्बी, संगरिया पीलीबंगा के अधिवक्ताओं ने इस लेकर लंबे समय तक आंदोलन चलाया था।