हनुमानगढ़। आरोग्य राजस्थान अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्र में लग रहे शिविरों में गंभीर बीमारी से पीड़ित रोगियों को प्राइवेट अस्पतालों में भी रेफर किया जा रहा है। गौरतलब है कि जिले में अभी तीन अस्पतालों के साथ भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत टाईअप किया गया है। इन्हीं अस्पतालों में मरीजों को रेफर किया जाता है ताकि सरकारी अस्पताल पर काम का दबाव कम हो सके। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार भामाशाह कार्ड के साथ आने वाले रोगियों को प्राइवेट अस्पताल में रेफर किया जा रहा है।
जिले में अब तक 45 हजार मरीजों की हुई स्वास्थ्य जांच
अब तक 159 ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इस दौरान कुल 45180 लोगों के स्वास्थ्य की जांच हुई है। कुल 2973 रोगियों को गंभीर बीमारी होने के कारण रेफर किया गया है। इनमें से 29 को प्राइवेट अस्पतालों में रेफर किया गया है। गौरतलब है कि जिले की सभी 251 ग्राम पंचायतों में स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन मार्च माह के अंत तक किया जाना है।
जिले में तीन अस्पतालों के साथ है टाईअप
हनुमानगढ़ जिले में तीन प्राइवेट अस्पतालों के साथ भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत टाईअप किया गया है। इनमें भादरा का विवेकानंद हॉस्पिटल और हनुमानगढ़ के बांबे हास्पिटल कान्हाराम मेमोरियल अस्पताल शामिल हैं। इसके अलावा तीन अन्य अस्पतालों की ओर से भी योजना से जुड़ने के लिए आवेदन किया गया है।