सरदारगढिय़ा में पेयजल डिग्गी का लोकार्पण
कईवर्षों से पेयजल समस्या से जूझ रहे गांव सरदारगढिय़ा में ग्राम पंचायत जिला परिषद के सहयोग से निर्मित पेयजल डिग्गी का लोकार्पण सोमवार को जिला प्रमुख शोभासिंह डूडी ने किया। इस मौके पर उन्होंने गांव के घर-घर में पानी का कनेक्शन देने के लिए गांव में बिछने वाली पेयजल पाइप लाइन का भी शिलान्यास किया। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य झिंडूराम घिंटाला, सरपंच मामकौरी देवी, ग्रामसेवक प्रतापसिंह तंवर, पूर्व सरपंच हजारीलाल, भूपसिंह गढवाल, कृषि पर्यवेक्षक रतनलाल, पंच सुमनदेवी, बीरबलराम, परमेश्वरी देवी समेत अनेक ग्रामीण मौजूद थे। अभी तक ग्रामीणों को पेयजल की व्यवस्था अपने बूते पर ही करनी पड़ती थी। ग्रामीण 500 रुपए टैंकर के देकर पेयजल की व्यवस्था करते रहे हैं और प्रतिवर्ष पेयजल की व्यवस्था करने के लिए गांव के प्रत्येक घर को 5 से10 हजार रुपए खर्च करने पड़ते हैं। आखिरकार सरदारगढिय़ा गांव की समस्या का समाधान जलदाय विभाग ने नहीं बल्कि ग्राम पंचायत ने जिला परिषद की मदद से 165 गुणा 155 वर्गफुट की डिग्गी बनाकर किया है। ग्रामसेवक प्रतापसिंह तंवर ने बताया कि करीब 23 लाख रुपए की लागत से बनी इस पेयजल डिग्गी में जिला परिषद ने 10 लाख का सहयोग किया। ग्रामीणों के सहयोग से डिग्गी बनी और अब ग्राम पंचायत ने निर्णय लिया गया है कि ग्रामीणों को घर-घर पानी का कनेक्शन देने के लिए ग्राम पंचायत अपने स्तर पर पूरे गांव में पेयजल की पाइप लाइन बिछाएगी। इसके लिए भी जिला परिषद ने ग्राम पंचायत को 10 लाख रुपए का सहयोग किया है शेष राशि ग्राम पंचायत अपने स्तर पर उपलब्ध करवाएगी। उधर जिला प्रमुख शोभासिंह डूडी ने बताया कि सरदारगढिया हनुमानगढ़ जिले में ही नहीं वरन पूरे बीकानेर संभाग में ऐसी ग्राम पंचायत है, जिसने अपने बूते पर जिला परिषद के सहयोग से ग्रामीणों को घर-घर पेयजल उपलब्ध करवाने का काम किया है।