जीएसएस पर की तोड़फोड़, जाम
निगम अधिकारियों ने कराया मामला दर्ज
भास्करन्यूज | डूंगला
तीनदिन से बिजली बंद होने से गुस्साए करीब पांच गांवों के 200 से ज्यादा ग्रामीणों ने कस्बे में स्थित अजमेर विद्युत वितरण निगम कार्यालय पर पहुंचकर तोड़फोड़ की। शिकायत रजिस्टर को भी फाड़ दिया जीएसएस पर पड़े ट्रांसफार्मर उलट दिए। मंगलवाड़-डूंगला मार्ग पर भी जाम लगा दिया।
क्षेत्र के कटेरा, गुमानपुरा, फलोदड़ा, फलासिया अरथला गांव में तीन दिन से बिजली आपूर्ति नहीं होने से लोग परेशान थे। रविवार रात कटेरा फीडर के ग्रामीण विद्युत निगम के कार्यालय जीएसएस पर पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीणों ने जीएसएस पर मौजूद लाइनमैन से धक्का-मुक्की करने के साथ ही जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने अन्य फीडरों में जा रही बिजली की चालू लाइनों को भी बंद करवा दिया। रजिस्टर फाड़ने के साथ ही वहां पड़े ट्रांसफार्मर उलट दिए, जिससे वहां ऑयल बिखर गया। हंगामे तोड़फोड़ की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और समझाइश की, लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश कम नहीं पड़ा। ग्रामीणों ने मंगलवाड़-डूंगला मार्ग पर जाम लगा दिया। मामला बढ़ता देख पुलिसकर्मियों ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इस पर भदेसर, भादसोड़ा, मंगलवाड़, बड़ीसादड़ी निकुंभ थानों का जाब्ता भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से समझाइश करते हुए विद्युत निगम के उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। निगम के अधिकारियों ने दो दिन में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इधर, सोमवार सुबह विद्युत निगम के एईएन ने लाइनमैन के साथ हुए अभद्र व्यवहार तोड़फोड़ को लेकर थाने में मामला दर्ज करवाया। निगम के कर्मचारियों ने मारपीट तोड़फाेड़ के आरोपी ग्रामीणों की गिरफ्तारी नहीं होने तक काम के बहिष्कार की घोषणा कर दी।
डूंगला | जीएसएसपर तोड़फोड़ के बाद बिखरा सामान ऑयल।