मरुधर सहित तीन ट्रेन देरी से पहुंची
भरतपुर. उत्तरप्रदेश बिहार में कोहरे का प्रभाव ट्रेनों के संचालन पर पड़ने लगा है। कोहरे के चलते मंगलवार को पटना- कोटा एक्सप्रेस निर्धारित समय सुबह 8.08 बजे से 4 घंटे 55 मिनट, मरुधर एक्सप्रेस निर्धारित समय सुबह 7.41 से पांच घंटे बरेली पैसेंजर सुबह 8.58 बजे से 3 घंटे 35 मिनट देरी से भरतपुर जंक्शन पर पहुंची। ट्रेनों के लेट आने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोहरे से दुर्घटनाओं पर रोक के लिए रेलवे ने तैयारी कर ली है। कोहरे से प्रभावित रहने वाले स्टेशनों पर फोग एंटी डिवाइस, विशेष चमकने वाले संकेतक सिग्नल लगाए जाएंगे।
इसके अलावा डेटोनेटर पटाखे, नियमित पेट्रोलिंग करने के साथ- साथ कोहरे से निबटने के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कोहरे के समय रेलवे कर्मचारी स्टेशन आने से पहले ही रेल पटरी पर पटाखे रख देता है। पहिए के दबाव से पटाखे की तेज आवाज होती है। इससे चालक को पता चल जाता है कि स्टेशन आने वाला है, जिससे वह ट्रेन की गति कम कर देता है।