शहर में भी लगेंगे पदोन्नत शिक्षक
माध्यमिक शिक्षा में थर्ड ग्रेड से सैकंड ग्रेड में पदोन्नत शिक्षकों को नियुक्ति देने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए जयपुर में अफसरों ने डेरा डाल दिया है। निदेशालय के बुलावे पर उपनिदेशक सियाराम फौजदार भी रिकार्ड लेकर जयपुर गए हैं। संभवतया निदेशक की स्वीकृति रिकार्ड की जांच के बाद जल्द ही इन शिक्षकों को नियुक्ति दी जाएगी।
डीपीसी के तहत चयनित सैकंड ग्रेड शिक्षकों को शहर में लगाया जा सकेगा। इन्हें राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान की ओर से स्वीकृत पदों पर लगाया जाएगा। सरकार ने इस संबंध में भी गाइड लाइन जारी की है। भरतपुर संभाग के चारों जिलों के करीब 1609 थर्ड ग्रेड शिक्षकों को सैकंड ग्रेड शिक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया है।
इन अध्यापकों के पदस्थापन को लेकर शिक्षा ग्रुप-2 ने गाइड लाइन जारी की है। राज्य में माध्यमिक उच्च माध्यमिक स्कूलों में रमसा के 8098 पद हैं, इसमें से करीब एक हजार पद शहरी क्षेत्र में हैं। ऐसे में चारों जिलों में काफी पदों को इन शिक्षकों से भरा जाएगा। शेष पद ग्रामीण क्षेत्र की स्कूलों को आवंटित हैं। इन पदों के भरने से स्कूलों में विषय अध्यापकों की कमी पूरी हो जाएगी। माध्यमिक शिक्षा के शासन सचिव नरेश पाल गंगवार ने इस संबंध में सात बिंदुओं की गाइड लाइन जारी की है, जिनके अनुसार पदोन्नत सैकंड ग्रेड अध्यापकों का पदस्थापन किया जाएगा।