- Hindi News
- निर्धन वर्ग के आर्थिक उन्नयन में बैंक बने सहभागी: डीएम
निर्धन वर्ग के आर्थिक उन्नयन में बैंक बने सहभागी: डीएम
जिलाकलेक्टर रवि जैन ने कहा है कि बैंक प्रबन्धक सरकार प्रायोजित योजनाओं में लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रयास कर निर्धन वर्ग के आर्थिक उन्नयन में सहभागी बनें।
शुक्रवार को जिला स्तरीय परामर्श दात्री समिति बैठक की अध्यक्षता करते जिला कलेक्टर ने कहा कि बैंक निर्धन वर्ग , निशक्तजनों एवं कौशल प्रशिक्षित युवाओं को ऋण स्वीकृति में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। सरकार प्रायोजित योजनाओं में जो ऋण प्रार्थना पत्र बैंकों को भेजे जा चुके हैं, उनमें पात्र आवेदकों को 25 दिसम्बर तक स्वीकृतियां आवश्यक रूप से जारी करें। उन्होंने कहा कि कृषकों के ऋण जमाबंदी पर पटवारी के डिजिटल सिग्नेचर के अभाव में अस्वीकृत नहीं करें। उन्होंने ऐसे निर्धन परिवार जिनकी वार्षिक आय 18 हजार रुपये तक है, उन्हें बैंक द्वारा कुल ऋण वितरण की एक प्रतिशत ऋण राशि स्वीकृत करने के प्रावधान होने के बावजूद भी ऋण राशि वितरित नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई तथा कहा कि ऐसे निर्धन परिवारों को 15 हजार रुपये तक का ऋण मात्र 4 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराएं। बैठक में प्रारंभ में मुख्य अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक वीके शर्मा ने विभिन्न योजनाओं के तहत तिमाही में प्राप्त उपलब्धियों की जानकारी दी।