पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बिटिया के जन्म पर मुख्यमंत्री देंगी बधाई

बिटिया के जन्म पर मुख्यमंत्री देंगी बधाई

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भरतपुर. सरकारीअस्पताल में बेटी के जन्म पर मुख्यमंत्री बधाई संदेश देंगी। पिछले दिनों जयपुर में हुई बेटी बचाओ समिति की राज्यस्तरीय बैठक में ऐसा निर्णय लिया गया है।

इसके लिए राज्य सरकार ने हर परिवार में बेटियों के जन्म पर खुशी मनाने और घटते लिंगानुपात को लेकर एक अनूठी पहल की है। जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में बेटी के जन्म पर दो अक्टूबर से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से बेटी के परिजनों को बधाई संदेश भिजवाया जाएगा। इस संदेश में मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री की बधाई होगी। इसके अलावा सप्ताह में एक दिन बेटी के महत्व को चिह्नित कर कॉलेजों में यूथ डवलपमेंट सेंटर, एनसीसी एनएसएस के माध्यम से कन्या भ्रूण संरक्षण पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

समाज में जागरुकता लाने के लिए ‘बेटी बचाओ अभियान’ के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार के लिए शुभलक्ष्मी योजना की दूसरी और तीसरी किश्त का भुगतान ऑनलाइन किया जाएगा। इतना ही नहीं राज्य में घटते लिंगानुपात को देखते हुए शुरुआत में 100 कॉलेजों में सप्ताह में एक दिन बेटी के महत्व पर वाद विवाद, निबंध, प्रश्नोत्तरी, प्रतियोगिताएं, रैली सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया जाएगा।

इस कारण लिया निर्णय

घटते लिंगानुपात को देखते हुए राज्य सरकार की ओर से एकमात्र जालोर जिले में लाडो रानी योजना के तहत इस तरह का बधाई पत्र देने का सिलसिला शुरू किया था। इसमें अभी तक कलेक्टर ही खुद का लिखा बधाई संदेश संबंधित जननी को प्रदान करते हैं। इसके सकारात्मक परिणाम आने के बाद सरकार ने इसका विस्तार करते हुए इसे पूरे राज्य में लागू करने का निर्णय लिया है। क्योंकि पिछले कुछ साल के अांकड़ों पर नजर डालें तो कन्या भ्रूण हत्या के मामले अभी भी थम नहीं रहे हैं। इसको लेकर सरकार भी काफी प्रयासरत है।

104 पर कर सकते हैं लिंग परीक्षण की शिकायत

104 टोल फ्री नंबर और वेबसाइट www.hamaribeti.nic.in पर पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत लिंग परीक्षण की शिकायत और सूचना दर्ज कराई जा सकती है। इस टोल फ्री नंबर और वेबसाइट पर लिंग परीक्षण की शिकायत और सूचना दर्ज कराने वाले शिकायतकर्ता की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी। वहीं सूचना देने वाले व्यक्ति को मुखबिर योजना के तहत सूचना सही पाए जाने पर तीन किश्तों में एक लाख रुपए की राशि दी जाएगी।