इंडोर कुश्ती हॉल के लिए 60 लाख स्वीकृत
भरतपुर। जिलेके कुश्ती खिलाड़ी पहलवानों के लिए अच्छी खबर है। लोहागढ़ स्टेडियम में अर्द्ध निर्मित इंडोर कुश्ती हॉल निर्माण के लिए राज्य सरकार के युवा मामले एवं खेल विभाग द्वारा 60 लाख रुपये की राशि स्वीकृति दी गई है।
अब जल्द ही इंडोर कुश्ती हॉल का निर्माण पूरा हो सकेगा। पूर्व में सरकार द्वारा दो करोड़ रुपये से कुश्ती हॉल का निर्माण शुरू कराया गया था, लेकिन राशि कम पड़ने के कारण इसका निर्माण अधूरा रह गया था। फिलहाल युवा मामले एवं खेल विभाग के शासन उप सचिव ने स्टेडियम का निर्माण पूरा कराने के लिए 60 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर प्रथम चरण में 30 लाख रुपये सार्वजनिक निर्माण विभाग को दिए हैं। ताकि पुन: निर्माण शुरू कराया जा सके। इस संबंध में जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र के खेल अधिकारी सत्य प्रकाश लुहाच का कहना है कि युवा मामले एवं खेल विभाग से 60 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने संबंधी पत्र मिला है। इंडोर कुश्ती हॉल का निर्माण पुन: शुरू कराने के लिए जिला क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष रवि जैन को पत्र लिखकर मांग की गई है।