आज पता चलेगा कौन बनेगा वैर का विधायक
भरतपुर. वैरविधानसभा उपचुनाव की मतगणना 16 सितम्बर हो राजकीय विधि महाविद्यालय में होगी। मतगणना सुबह 8 बजे से प्रारंभ हो जाएगी और सुबह 11 बजे तक परिणाम सामने जाएगी। इधर प्रशासन ने मतगणना की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। मतगणना स्थल में अधिकृत प्रवेश पत्रधारक व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
मतगणना के लिए 10 टेबल लगाई गई हैं। प्रत्येक टेबल पर एक गणना सुपरवाइजर एक गणना सहायक नियुक्त रहेगा जबकि प्रत्याशियों के अधिकृत गणना अभिकर्ता निर्धारित टेबल की मतगणना ही देख सकेंगे।
मतगणना कक्ष में लगाई गई लोहे की जालियों के कारण प्रत्याशियों के अभिकर्ता गणना कार्य को आसानी से देख सकेंगे, किंतु बैलेट यूनिट को छू नहीं सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी गिर्राजसिंह कुशवाह ने बताया कि सील्ड स्ट्राँग रूम को पर्यवेक्षकों एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में सुबह 8 बजे खोला जायेगा तथा प्रत्याशी या उनके चुनाव अभिकर्ता भी वहां उपस्थित रह सकेंगे। मतगणना स्थल पर बीड़ी-सिगरेट, मोबाईल आदि को ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
भारी वाहनों पर रोक
मतगणनाको देखते हुए सारस चौराहे से सर्किट हाउस चौराहा तक भारी वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। पार्किंग व्यवस्था एमएसजे कालेज परिसर, पुलिस परेड ग्राउंड , मल्टी परपज एवं कालेज ग्राउंड में रहेगी। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़़े इंतजाम किए गए हैं। मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पैरा मिलिट्री फोर्स संभाल रही है। बाहर की सुरक्षा व्यवस्था को शहर के पुलिस थानों और आरएसी के जवान संभालेंगे।
निरीक्षण किया
मतगणनाकी तैयारियों का चुनाव पर्यवेक्षक अमृत कुमार खलको ने अवलोकन किया। पर्यवेक्षक ने मतगणना टेबलों की दूरी बढा़ने और गणना की सीट की फोटो कॉपी कक्ष में ही करने के निर्देश दिए। स्टॉग रूम, मीडिया सेन्टर कम्प्यूटर कक्ष भी देखा। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उपजिला निर्वाचन अधिकारी ओपी जैन, एएसपी भवानी शंकर मीणा भी साथ थे।
भरतपुर. मतगणना स्थल का निरीक्षण करते चुनाव पर्यवेक्षक।