पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • वैकल्पिक मार्ग का अधूरा काम कर भूला प्रशासन

वैकल्पिक मार्ग का अधूरा काम कर भूला प्रशासन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मथुरा-भरतपुररेलवे पुल बंद होने से लोगों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही। प्रशासन ने लोगों को राहत प्रदान करने के लिए वैकल्पिक मार्ग पर सड़क निर्माण एवं बिजली के पोल तो लगवाए, लेकिन दोनों की कार्य अभी अधूरे हैं।

वैकल्पिक मार्ग पर डामरीकरण नहीं होने और मार्ग में रोडलाइट की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों की समस्या यथावत है।

रेलवे पुल बंद होने के बाद लोगों की परेशानी को भास्कर ने समाचार के माध्यम से उठाया था। इसके बाद कलेक्टर रवि जैन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यूआईटी से सड़क निर्माण शुरू करवाया तथा बिजली के पोल लगवा कर अधिकारियों को बिजली आपूर्ति शुरू करने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर के आदेश के बाद भी वैकल्पिक मार्ग में सभी स्थानों पर रोडलाइट नहीं लग पाई है। वहीं मार्ग का रास्ता अब भी कच्चा है। सड़क निर्माण के दौरान पानी डालने से मार्ग पर मिट्टी नहीं उड़ रही, लेकिन रास्ते के बीच में पक्की सड़क पर पेचवर्क नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है। जघीना के शिवपाल, एकता विहार के महेंद्र, जयपाल, त्योंगा के नरेंद्र विजेंद्र का कहना है कि प्रशासन को सड़क निर्माण जल्द पूरा कराना चाहिए।

रेलवे पुलिया के नीचे से भी हो सफाई

वैकल्पिकरास्ते में रेलवे पुलिया में बड़े रास्ते के साथ दो छोटे रास्ते और भी हैं। इनमें मलबा भरा हुआ है। पुलिया से बड़ा वाहन निकलने के दौरान छोटे वाहनों का निकलना संभव नहीं रहता। धौरमुई के किशन लाल, जघीना के रामलाल जगदीश ने बताया कि इस पुलिया के दोनों साइडों से मलबा हट जाए तो दुपहिया वाहन भी इस रास्ते से निकल सकते हैं। पुलिया में से बड़े वाहन निकलने पर छोटे वाहनों को खड़ा नहीं होना पड़ेगा।

लोगोंको अभी भी मार्ग का पता नहीं

रेलपुल बंद होने की जानकारी अब भी कुछ लोगों को नहीं है। इस कारण लोग पुल तक वाहन लाते हैं और पुल पर मार्ग बंद देख उन्हें वापस लौटना पड़ता है। हालांकि प्रशासन ने जगह- जगह बोर्ड लगा रखे हैं। इन पर रास्ता डाइवर्ट के संकेत भी बना रखे हैं, लेकिन कई लोगों को पुल बंद होने के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।

भरतपुर. पुल बंद होने के बाद वैकल्पिक मार्ग का काम अधूरा होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।