वार्डों की पुन: लॉटरी करवाने की मांग
भीनमाल. पूर्वपालिकाध्यक्ष प्रेमराज बोहरा ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर भीनमाल नगरपालिका में आरक्षित वार्डों की पुन: लॉटरी निकलवाने की मांग की है। ज्ञापन में बताया कि 13 अगस्त को कलेक्टर जालोर की अध्यक्षता में भीनमाल नगरपालिका के वर्ष 2009 के आरक्षित वार्डों वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर नवगठित 30 वार्डों की लॉटरी निकाली गई थी, जबकि वार्डों के पुनर्गठन के दौरान वार्डों की संख्या 25 से बढ़कर 30 होने की वजह से भौगोलिक दृष्टि से वार्ड बदल गए। ज्ञापन में बताया कि स्वायत्त शासन विभाग की ओर से 1 सितंबर 2014 को जारी परिपत्र में वर्ष 2011 की जनसंख्या के आधार पर ही वार्डों का गठन माना जाकर उसी के तहत नए सिरे से लॉटरी निकालने के लिए जिला कलेक्टर को आदेशित किया गया। ज्ञापन में बताया कि 13 अगस्त को निकाली गई लॉटरी गैर कानूनी होने की वजह से पुन: लॉटरी निकाली जाए।
अन्यथा न्यायालय की शरण ली जाएगी। इस अवसर पर अधिवक्ता टीकमसिंह सिसोदिया भी मौजूद थे।