पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जल संसाधन मंत्री के सामने विपक्ष की भूमिका में नजर आए बीजेपी विधायक

जल संसाधन मंत्री के सामने विपक्ष की भूमिका में नजर आए बीजेपी विधायक

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जलसंसाधन मंत्री किरण माहेश्वरी गुरुवार को सांचौर पहुंची तो भाजपा विधायकों ने नर्मदा नहर के तीनों प्रोजेक्ट को लेकर कंपनी को दोषी ठहराते हुए ब्लैक लिस्टेड करने तक की मांग कर डाली। वहीं स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विधायकों ने भी सांचौर शहर में आठ साल बाद भी नर्मदा का पानी पेयजल के रुप में नहीं मिलने तथा शहर में जलापूर्ति नहीं होने पर अधिकारी को हटाने की मांग की।

जालोर विधायक अमृता मेघवाल आहोर विधायक शंकरसिंह राजपुरोहित ने कहा कि जिला मुख्यालय आहोर में पेयजल को लेकर लोग तरस रहे हंै, मगर प्रोजेक्ट के अधूरे कार्य को लेकर तय समय पर पानी नहीं मिल रहा हैं। विधायकों ने एफआर प्रोजेक्ट की कन्स्ट्रक्शन कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने की मांग की। रानीवाड़ा विधायक नारायणसिंह देवल ने कहा कि डीआर प्रोजेक्ट का कार्य धीमी गति से चलने के कारण निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी इस कार्य को पूरा नहीं किया जा पा रहा हैं। संबंधित कन्स्ट्रक्शन कंपनी को पाबंद करने अधिकारियों को उक्त कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता जताई। विधायक देवल ने रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के आठ गांव नर्मदा के पानी से वंचित रह जाने की जानकारी देते हुए उन्हें इस योजना से जोड़ने की जरूरत बताई।

शेष|पेज18

भीनमालविधायक पूराराम चौधरी ने भी पेयजल को लेकर ईआर प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ भीनमाल शहर में जलापूर्ति जल्द शुरू करवाने की बात कही। सांसद देवजी पटेल ने कहा कि एफआर प्रोजेक्ट का कार्य धीमी गति से किया जा रहा है, संबंधित कंपनी को कई बार चेतावनी देने के बावजूद कार्य को गति नहीं दी जा रही हैं। उन्होंने प्रोजेक्ट के पूरा नहीं होने से जालोर शहर आहोर में लोग पानी का इंतजार कर रहे हैं, मगर अधिकारी इसे गंभीरता से नहीं ले रहे।

जल संसाधन मंत्री किरण माहेश्वरी को सांचौर शहर को पेयजल से जोड़ने की मांग को लेकर पूर्व विधायक जीवाराम चौधरी सहित जनप्रतिधियों ने पुरजोर शब्दों में आवश्यकता जताई। पूर्व विधायक चौधरी ने कहा कि सांचौर में नर्मदा नहर परियोजना का पानी आए करीब आठ साल हो चुके हैं, मगर सांचौर शहर के लोग अभी भी खारा पानी पीने को मजबूर हैं। नर्मदा के पानी को जिला मुख्यालय तक पहुंचाने की बात कही जा रही हैं, वहीं खुद सांचौर शहर को अभी तक नर्मदा का पानी नसीब नहीं हो रहा। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सांवलचंद संघवी ने आक्रोश जताते हुए कहा कि नर्मदा का पानी सांचौर की बजाय जिला सहित कहीं पर भी पहुंचाओ मगर नर्मदा नहर से आठ किमी दूरी पर स्थित सांचौर शहर अभी नर्मदा के पानी से वंचित है, सांचौर शहर की करीब 32 हजार की आबादी आज भी फ्लोराईड युक्त पानी पीने को मजबूर है। भाजपा नेता हरीश पुरोहित ने कहा जलदाय विभाग की उदासीनता से पेयजल की पाइप लाइन फूटी पड़ी है, जिससे नगर में नियमित रूप से जलापूर्ति नहीं हो रही। सांचौर विधायक सुखराम विश्नोई ने सांचौर शहर को फिल्टर लगाकर नर्मदा नहर से शहर को जोड़ने की मांग की।

विभागने बताया जून तो मंत्री ने कहा अगस्त तक होगा काम पूरा : जलसंसाधन मंत्री किरण माहेश्वरी ने नर्मदा अधिकारियो से बैठक लेने के बाद पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए हुए कहा कि डीआर प्रोजेक्ट का कार्य अगस्त माह से पहले पूरा हो पाना संभव नहीं हैं। इसपर विभाग के अधिकारियों ने जून तक पानी देने की बात कही। इसपर माहेश्वरी ने पलट कर जवाब देते हुए कहा कि सरकार कह रही है कि अगस्त तक होगा कार्य पूरा। एफआर प्रोजेक्ट निर्माण को लेकर मंत्री ने कंस्ट्रक्शन कंपनी के निदेशक को जोधपुर में शुक्रवार को आयोजित होने वाली बैठक में आवश्यक रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए कलेस्टर के टैंडर भी इसी कंपनी द्वारा लिए जाने को गंभीरता से लेने की बात कही।

जलदायमंत्री का किया स्वागत : रानीवाड़ा| माहेश्वरीसमाज भवन में जलदाय विभाग मंत्री किरण माहेश्वरी तथा राज्य मंत्री ओटाराम भोपाजी का माहेश्वरी समाज की ओर से स्वागत किया गया। मंत्री के साथ विधायक नारायणसिंह देवल,जालोर भाजपा जिलाध्यक्ष अमीचंद जैन, पिंडवाड़ा विधायक सामाराम गरासिया, रेवदर विधायक जगसीराम कोली उप जिला प्रमुख गिरधर कंवर, रानीवाड़ा सरपंच रिडमलसिंह डाभी का भी समाज की ओर से स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान महेश्वरी समाज के सावित्री देवी, सुलोचना देवी, तहसील मंत्री सुरेश चांडक, युवा जिला प्रतिनिधि अनिल शारदा, अरविंद शारदा उपस्थित थे।

इस मौके जलदाय विभाग मंत्री किरण माहेश्वरी ने समाज तथा ग्रामीणों की समस्याओं सुनने के साथ उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर महानंद शारदा, कृपालदास चांडक, चतुर्भुज गीगल, घनश्याम राठी, चिराग गीगल, ऊकसिंह, मदन लधड़, रमेश बी गीगल तथा मकनाराम चौधरी उपस्थित थे।

नर्मदा डाक बंगले में ली कार्यों की प्रगति रिपोर्ट

सांचौर | जलसंसाधान मंत्री किरण माहेश्वरी ने गुरूवार को सांचौर के नर्मदा नहर परियोजना के डीआर प्रोजेक्ट का निरीक्षण कर नर्मदा डाक बंगले में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने नर्मदा नहर परियोजना के डीआर , ई-आर तथा एफआर प्रोजेक्ट के कार्यों की प्रगति रिपोर्ट रिपोर्ट लेकर कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियो को फटकार लगाने के साथ निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। एफआर प्रोजेक्ट के लिए निर्माण करने वाली कंपनी आईवीआरसीएल के प्रोजेक्ट मैनेजर से कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए इस कार्य को जल्द पूरा करने के लिए इसकी समय सीमा तय करने को कहा।

सांचौर शहर में पेयजल संकट को लेकर अधिशाषी अभियंता प्रहलाद मीणा की ओर से नियमित जलापूर्ति प्रबंधन नहीं करने पर नाराजगी जताते हुए उन्हें हटाने की मांग की। सांचौर विधायक सुखराम विश्नोई ने कहा कि जलदाय विभाग के अधिकारियों की मनमर्जी से जलापूर्ति प्रभावित हो रही हैं। सांचौर के पूर्व विधायक जीवाराम चौधरी ने भी अधिशासी अभियंता की ओर से नियमित जलापूर्ति पर ध्यान नहीं देने पर दोषी अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। रानीवाड़ा विधायक नारायणसिंह देवल ने भी दोषी पीएचडी अधिकारी को अविलंब हटाने की मांग की। इसपर जलदाय विभाग के अधिशाषी अधिकारी प्रहलाद मीणा ने बताया कि पूरे शहर में 13 लाइनमैन के भरोसे कार्य चल रहा है, जबकि विभाग में 43 पद रिक्त चल रहे हैं ऐसे में जलापूर्ति प्रबंधन कैसे किया जा सकता हैं।

नर्मदा विभाग के अधिकारियों से जब जलदाय मंत्री ने ईआर प्रोजेक्ट भुगतान निर्माण की जानकारी चाही। इसपर विभाग के मुख्य अभियंता डीसी विश्नोई ने ईआर प्रोजेक्ट के निर्माण को लेकर कंपनी को 39 करोड़ का भुगतान करने की जानकारी दी। इसपर मंत्री बिफर पड़ी तथा बिना वर्क प्रोग्रेस के उन्होंने अधिकारियों से भुगतान करने का कारण पूछा। मुख्य अभियंता ने सफाई देते हुए बताया कि 12 किमी लंबी पाइप लाइन बिछाने के एवज में भुगतान किया गया हैं। वहीं प्रोजेक्ट स्थल पर भूमि अवाप्ति में देरी से डिजाइनिंग तैयार नहीं होने के कारण देरी हो रही हैं। जिसपर मंत्री ने 20 फरवरी तक उक्त मामले में रिपोर्ट पूरी कर कार्य शुरू करने का निर्देश देते हुए विभाग को सूचना भेजने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर जितेन्द्र कुमार सोनी, पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार, जिला प्रमुख वन्नेसिंह गोहिल, पुलिस उप अधीक्षक सुनिल के पंवार, उपखंड अधिकारी रामदेव मेहरा, भाजपा नेता मोतीराम चौधरी, दुर्गाराम चौधरी, गिरधर कंवर, बजरंगसिंह, चितलवाना प्रधान हनुमान प्रसाद, मोहब्बतसिंह, भारताराम देवासी मौजूद थे।