- Hindi News
- जालोर महोत्सव को लेकर एनसीसी कैडेट्स आज निकालेंगे बाइक रैली
जालोर महोत्सव को लेकर एनसीसी कैडेट्स आज निकालेंगे बाइक रैली
जालोरमहोत्सव को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बुधवार सुबह 9.30 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय से एनसीसी कैडेट्स बाइक रैली निकालेंगे। जालोर महोत्सव समन्वयक मानवेंद्रसिंह राजपुरोहित ने बताया कि जिले के सभी उपखंड मुख्यालय से गुजरने वाली 400 किमी की रैली को कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी एवं जालोर विधायक अमृता मेघवाल जालोर महोत्सव का झंडा दिखा रवाना करेंगे। रैली जालोर, रामसीन, जसवन्तपुरा, रानीवाड़ा, सांचौर, करडा, भीनमाल, बागोड़ा, सायला से आहोर होकर पुन: जालोर पहुंचेगी। जिले के ग्रामीण अंचलों में जाने वाली रैली के साथ ‘‘जालोर दर्शन एवं जबरो जालोर’’ झांकी भी जालोर जिले के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक वैभव से जनता को रूबरू करवाएगी। वहीं महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स रास्ते में आने वाले ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों तथा विद्यार्थियों को जालोर महोत्सव के तीन दिवसीय कार्यक्रम एवं महोत्सव में आने की अपील का पंपलेट देंगे। ग्रामवासी ढोल बजाने के साथ केडेट्स का माल्यार्पण कर रैली का स्वागत करने के साथ झांकी देखने के बाद उसे अगले गांव के लिए रवाना करेंगे। चार दिवसीय रैली एनसीसी अधिकारी अंबिका प्रसाद तिवारी एवं वचनाराम राठौड़ के निर्देशन में भारतीय सेना के हवलदार राजेंद्र कुमार नामा, क्वार्टर हवलदार मास्टर नरेंद्र सहित 12 एनसीसी महाविद्यालय के कैडेट्स मोटरसाइकिल रैली में जाएंगे। रैली के रवानगी के वक्त जालोर विकास समिति के सचिव मोहन पाराशर सहित प्रबुद्घ नागरिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
सायला में निकलेगी शोभायात्रा
भीनमाल | राजस्थानपर्यटन विभाग जालोर, जिला प्रशासन, जालोर विकास समिति स्थानीय प्रशासन की ओर से आगामी 15 16 फरवरी को आयोजित जालोर महोत्सव को लेकर तैयारियों जोरों पर चल रही है। प्रभारी मीठालाल जांगिड़ ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर स्थानीय राजकीय बालिका उमावि में शुक्रवार से ऑडिशन होंगे। जांगिड़ ने बताया कि जिन्होंने प्रतियोगिता के लिए आवेदन नहीं किया है, वे भी ऑडिशन के दिन हाथोंहाथ प्रविष्टि जमा करवाकर भाग ले सकते है। महोत्सव के दूसरे दिन 16 फरवरी की शाम को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें कविता, गीत, नृत्य कला, नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए नगर के युवक-युवतियों में भारी उत्साह नजर रहा है। कार्यक्रम में भीनमाल नगर सहित उपखंड क्षेत्र के विद्यार्थी, कलाकार आम नागरिक भाग ले सकते है। कार्यक्रम प्रमुख श्रीमती कीर्ति वाजपेयी ने बताया कि कार्यक्रम पारंपरिक संस्कृति से ओत-प्रोत प्रस्तुत करने होंगे। तहसीलदार विशनाराम देवड़ा ने बताया कि महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न कमेटियों का गठन कर अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए उपखंड कार्यालय, राउमाबावि कीर्ति वाजपेयी, डा. राजलक्ष्मी सोहनी विश्नोई के पास प्रविष्टि करवा सकते है।