कृषि मंडी की बैठक में 2.71 करोड़ रुपए का अनुमानित बजट पारित
भीनमाल | कृषिउपज मंडी की बैठक बुधवार को विधायक पूराराम चौधरी, मंडी अध्यक्ष सुबटीदेवी देवासी सचिव जयकिशन विश्नोई की मौजूदगी में आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2015-16 के लिए 2 करोड़ 71 लाख 70 हजार का अनुमानित बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक के प्रारंभ में सचिव जयकिशन विश्नोई ने गत बैठक की कार्रवाई को पढ़कर सदन को अवगत करवाया। इसके बाद कृषि मंडी प्रांगण में 15 नवीन अनुज्ञा पत्र जारी करने, फल एवं सब्जी व्यापारियों को 24 इसबगोल व्यापारियों को 17 भूखंड आवंटन करने, मुख्य मार्ग स्थित चार दीवारी के पास दो व्यावसायिक भूखंडों का आवंटन करने का निर्णय लिया। इस मौके उप मंडी रामसीन यार्ड में 8 अधिसूचित कृषि जिंसों 12 फूटकर व्यापारियों के लिए दुकान आवंटन करने का प्रस्ताव लिया गया। बैठक में भीनमाल कृषि मंडी की चारदीवारी पर आवंटित दुकानों की बकाया लीज वसूलने का प्रस्ताव भी लिया। बैठक में वर्ष 2014-15 तथा अप्रेल 2015 से जनवरी 2016 तक के आय-व्यय का अनुमोदन भी किया गया। इस अवसर पर मंडी सदस्य बोथाराम, भूराराम, आंबाराम सरपंच आसूराम देवासी मौजूद थे।