घायल वृद्ध की इलाज के दौरान हुई मौत
करीब25 दिन पूर्व निकटवर्ती पुनासा गांव में मारपीट में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान गुरुवार को मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया। वहीं, आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ प्रारंभ की।
थानाधिकारी अशोक आंजणा ने बताया कि गत 1 दिसंबर को पुनासा निवासी जयंतीलाल पुत्र तगाराम भील ने मामला दर्ज करवाया था कि गत 16 नवंबर को पुनासा निवासी जोराराम पुत्र भाणाराम भील ने उसके पिता तगाराम (60) पुत्र सोनाराम भील के साथ मारपीट कर गंभीर चोंटे पहुंचाई, जिसका इलाज मेहसाणा में चल रहा है। उक्त रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के दौरान गत 28 नवंबर को चिकित्सकों की सलाह पर तगाराम को पुनासा लाया गया। जहां गुरुवार को दोपहर में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर शव को स्थानीय राजकीय अस्पताल लाकर मेडिकल बोर्ड से पीएम के बाद परिजनों को सुपुर्द किया। थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी पुनासा निवासी जोराराम पुत्र भाणाराम भील को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।