अलवर। मोती डूंगरी स्थित पुलिस अन्वेषण भवन सभागार में मंगलवार को एसपी विकास कुमार की अध्यक्षता में अपराध नियंत्रण गोष्ठी हुई। एसपी विकास कुमार ने पुलिस अधिकारियों से जिले में अपराध नियंत्रण की प्राथमिकताओं और प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने वृत्ताधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण के लिए गश्त व्यवस्था ओर सुदृढ़ करने तथा थाना प्रभारियों को जरिए वायरलैस कॉन्फ्रेंस कंट्रोल रूम से वार्ता करने के निर्देश जारी किए।
उन्होंने प्रत्येक थाने में पूर्व की तरह स्ट्राइक टीम बनाने और टीम के पास हथियारधारी जाप्ता रखने और संबंधित वारदात की सूचना कंट्रोल रूम को सही समय पर देने के निर्देश जारी किए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को प्रत्येक माह अपराधियों की धरपकड़ के लिए क्यूआरटी के साथ दबिश देने पर बल दिया। साथ ही स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर पर बालिकाओं से छेड़छाड़ करने वाले मनचलों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन गरिमा शुरू करने के निर्देश दिए।
एसपी ने बताया कि इसके लिए वृत्ताधिकारी भिवाड़ी किरण कंग के नेतृत्व में जिले में स्पेशल टीम गठित की गई। गोष्ठी में जिले में अवैध खनन को रोकने के लिए थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। एसपी ने वृत्ताधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को सात दिवस के अंदर अवैध खनन क्षेत्रों को चिह्नित कर अवैध खनन कार्य में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी थाना क्षेत्र में अवैध खनन कोई गतिविधियां पाई गई तो उसकी जिम्मेदारी वृत्ताधिकारी एवं थाना प्रभारी की होगी। गोष्ठी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय पारसमल जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राजेंद्र वर्मा, सीओ हिमांशु शर्मा, सीओ गिरधारी लाल, वृत्ताधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद थे।