बुखार से एक और बालक की मौत
क्षेत्रके गंडूरा गांव में बुखार से बुधवार को एक बालक की मौत हो गई। उसके ताऊ की भी छह दिन पहले बुखार से ही मौत हो चुकी है। बालक की मौत की सूचना पर चिकित्सा विभाग ने चार दल गांव में भेजे और रोगियों का सर्वे कराया। गंडूरा गांव निवासी प्रिंस (6) पुत्र श्याम सिंह राजपूत कई दिन से बुखार से पीड़ित था। उसे गंडूरा और बड़ौदामेव में नीमहकीमों से इलाज कराया गया, जिसकी बुधवार को मौत हो गई। इसकी पुष्टि बीसीएमओ डॉ. गजराज सिंह ने की है। बीसीएमओ ने बड़ौदामेव सीएचसी प्रभारी डॉ. अनुराग तंवर एवं मलेरिया इंस्पेक्टर केदार सिंह को नोटिस दिया है। उन्होंने बड़ौदामेव में नीमहकीमों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सूचना पर गांव में चार चिकित्सा दल भेजे गए, जिन्होंने गांव में रोगियों का सर्वे कर दवाएं दी तथा छिड़काव कराया। उल्लेखनीय है कि बालक के ताऊ धर्मसिंह की पिछले दिनों बुखार से मौत हो चुकी है। बीसीएमओ के अनुसार पीपलखेड़ा और जयसिंहपुरा गांव में बीमारी फैलने की कंट्रोल रूम से मिली सूचना के बाद चिकित्सा दल भेजे गए।