पंजीयन विभाग के आईजी ने ली बैठक
पंजीयकएवं मुद्रांक विभाग,अजमेर के महानिरीक्षक शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर भिवाड़ी आए। इस दौरान उन्होंने रीको गेस्ट हाउस में विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। महानिरीक्षक केबी गुप्ता ने इस दौरान वार्षिक निरीक्षण अन्य समस्याओं को लेकर चर्चा की। पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग के महानिरीक्षक केबी गुप्ता की अध्यक्षता में शनिवार को बढ़ी हुई डीएलसी दरों को लेकर रही शिकायतों के निवारण पर बैठक ली गई। बैठक के बाद उन्होंने बताया कि वित्त विभाग की ओर से पंजीयन विभाग को मिले निर्देशों के बाद नवंबर में डीएलसी दरों में इजाफा हुआ। जिसके बाद प्रोपर्टी की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी हुई। जिसे लेकर बिल्डरों ने आपत्ति दर्ज कराई। सीए राकेश अग्रवाल ने बताया कि बढ़ी हुई डीएलसी दरों के संबंध में पिछले माह टैक्स एडवाईजरी बैठक में भी चर्चा कि गई थी। इस दौरान बताया गया कि प्रति स्कवायर फीट 5- 6 सौ रुपए तक बढ़ोतरी हुई है। जिसके कारण स्थानीय बिल्डरों सहित उद्योगपतियों का स्थानीय प्रोपर्टी में निवेश की इच्छा लगातार घट रही है। पंजीयन विभाग के महानिरीक्षक से बैठक में इस संबंध में चर्चा हुई, जिसमें उन्होंने बताया कि इस बारे में अभी अधिकारियों से जानकारी ली जा रही है। बैठक में पंजीयन विभाग के उपमहानिरीक्षक राजेंद्र चतुर्वेदी, उपपंजीयक, भिवाड़ी महेंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
भिवाड़ी. अधिकारियों से वार्ता करते महानिरीक्षक केबी गुप्ता।