चिकित्सा टीम का घर-घर सर्वे
भास्कर न्यूज | लक्ष्मणगढ़/टपूकड़ा
लक्ष्मणगढ़गांव के गंडूरा गांव में युवक की मौत के बाद सोमवार को पांच टीमों ने गांव पहुंचकर घर-घर मरीजों का सर्वे किया। वहीं टपूकड़ा के कालाका गांव में भी चिकित्सा दल ने सर्वे कर स्लाइड तैयार कीं। लक्ष्मणगढ़ बीसीएमओ डॉ. गजराज सिंह ने बताया कि रविवार को बुखार से युवक की मौत के बाद जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. जालम सिंह राठौड़ एवं डिप्टी सीएमएचओ छबील कुमार ने गांव पहुंचकर हालात की जानकारी ली। यहां 521 घरों में 176 बुखार के रोगियों की स्लाइड तैयार की गई। 122 पानी के गड्ढों में एमएलओ डलवाई गई और 94 पानी के टैंकों में दवा डाली गई। वहीं 60 घरों में दवा का छिड़काव कराया गया। सीएमएचओ डॉ. आर के मीणा के निर्देश पर पांच टीमें 24 घंटे तक गांव में रहकर स्थिति सामान्य होने तक कार्य करेंगी। इस मामले में पीएचसी इंचार्ज डॉ. अनुराग एवं मलेरिया इंस्पेक्टर केदार सिंह को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। इधर, टपूकड़ा के कालाका गांव में चिकित्सा दल ने घर-घर जाकर रोगियों का सर्वे किया और मलेरिया जांच के लिए स्लाइड तैयार की। दल ने रोगियों की जांच कर दवाएं भी वितरित की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई दिनों से बीमारी फैली हुई है। कई लोगों का भिवाड़ी सहित हरियाणा के निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
माजरीकलां|ढूंढारियागांव में डेंगू रोगियों की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची और रोगियों के परिजनों सहित अन्य आसपास के मरीजों के ब्लड सेंपल लिए और स्लाइड तैयार की। टीम ने घरों में पानी की टंकी, गमले, कूलर के पानी को खाली कर सुखाने के निर्देश दिए और बारिश के जमा पानी में स्प्रे कराया। बुखार से पीड़ित आधा दर्जन मरीजों को दवा दी। गांव के ही बुखार से पीड़ित दिनेश पुत्र रामनिवास एवं जोगेंद्र पुत्र बाबूलाल को जयपुर भर्ती कराया गया है, जिनकी जांच रिपोर्ट नहीं मिली हैं।
माजरीकलां. ढूंढारिया गांव में डेंगू रोगियों की जानकारी के बाद स्लाइड लेती चिकित्सा विभाग की टीम।