- Hindi News
- भिवाड़ी कोटा में 365 दिन चलेगा हवा की शुद्धता जांचने वाला यंत्र
भिवाड़ी-कोटा में 365 दिन चलेगा हवा की शुद्धता जांचने वाला यंत्र
हवाकी शुद्धता को जांचने और प्रदूषण के स्तर को जानने के लिए अब भिवाड़ी और कोटा में आधुनिक शुद्धता मापी यंत्र लगाया जाएगा। इन यंत्रों की खासियत यह होगी कि यह साल के 365 दिन और 24 घंटे चलेगा। अब तक जयपुर और जोधपुर में ही इस तरह के यंत्र स्थापित किए गए हैं। अत्याधुनिक यंत्रों की लागत तकरीबन 110 लाख रुपये है। इस राशि का 50 फीसदी हिस्सा केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से मिलेगा। सतत परिवेशी वायु गुणवत्ता अनुश्रवण केंद्र की स्थापना के लिए आधी रकम राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल अपनी तरफ से देगा। इस तरह से प्रदेश को सिर्फ आधी राशि खर्च करनी होगी। भिवाड़ी में वायु गुणवत्ता अनुश्रवण केंद्र को स्थापित करने के लिए केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से 55 लाख रुपये मिल चुका है। शुरुआती एक साल के मेंटनेंस ऑपरेशन का आधा खर्च भी यही बोर्ड करेगा। उसके बाद राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल खर्च करता रहेगा। कोटा में वायु गुणवत्ता अनुश्रवण केंद्र के लिए कोई भी राशि अभी तक केंद्र से नहीं मिली है। इस राशि के जल्द मिल जाने की उम्मीद है। लेकिन इस केंद्र के मेंटनेंस ऑपरेशन के खर्च का मामला अलग तरह का होगा। इसका खर्च पूरी तरह से राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल को करना होगा। खास बात यह होगी कि प्रदेश को इस मामले में आगे बढ़कर खर्च करना होगा।
राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के सदस्य सचिव डॉ. डीएन पांडेय के मुताबिक दोनों स्थानों पर अत्याधुनिक यंत्रों से वैज्ञानिक आकलन करने में मदद मिलेगी। इनसे प्रदूषण का सटीक आंकड़ा मिलेगा।