नए फीडर से होगी बिजली सप्लाई फाल्ट की समस्या से मिलेगी निजात
मंशाचौक स्थित 33 केवी सबस्टेशन से जुड़े पांच गांवों में बिजली सप्लाई को सुचारु करने के लिए इसे दो फीडरों में बांटा जा रहा है। जिससे गांवों में बिजली सप्लाई का लोड कम होगा और ग्रामीणों को बार-बार हो रही बिजली कटौती से निजात मिल सकेगी। नई लाइन डालने का काम शुरू हो चुका है और इसके मार्च के पहले सप्ताह तक पूरा होने की संभावना है। बिजली निगम के मंशा चौक स्थित सबस्टेशन से खिजूरी वास, मिलकपुर, खानपुर, मटीला और उदयपुर गांव में जाने वाली बिजली की सप्लाई को अगले माह से दो भागों में विभाजित कर दिया जाएगा। नई लाइन से खानपुर और उदयपुर को बिजली सप्लाई की जाएगी। साथ ही खिजूरी वास, मिलकपुर और मटीला की मौजूदा लाइन से भी भार कम हो जाएगा। नई लाइन मंशा चौक से होते हुए मेगा हाइवे पर आएगी। इसके बाद हाइवे से इसे भूमिगत करते हुए खानपुर गांव तक ले जाया जाएगा। खानपुर के बाद उदयपुर गांव को भी इसी लाइन से जोड़ा जाएगा।
^खानपुर गांव सहित आसपास के क्षेत्र में अक्सर बिजली फाल्ट के कारण ग्रामीणों को परेशान होना पड़ता था। लेकिन नया फीडर बनने से फाल्ट की संभावना कम हो जाएगी। जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी -मोनिका यादव, पार्षद, वार्ड नंबर 5
बार-बार बिजली कटौती से मिलेगी निजात
पांचगांवों के लिए एक ही बिजली सप्लाई लाइन होने के कारण अक्सर इन गांवों में बिजली कटौती की शिकायतें आती रहती हैं। आगामी दिनों में गर्मियों को देखते हुए बिजली फाल्ट बढ़ने की भी संभावना है। ऐसे में निगम की ओर से नई व्यवस्था शुरू की जा रही है।
^दो गांवों के लिए नई लाइन डालकर इसे सबस्टेशन से जोड़ा जाएगा। जिससे फीडर नंबर एक पर बिजली को लोड कम हो जाएगा और फीडरों से जुड़े सभी गांवों को सही वोल्टेज सप्लाई मिलेगी। साथ ही फॉल्ट की समस्या भी खत्म हो जाएगी। दीपकगुप्ता, अधिशासी अभियंता, बिजली निगम।
भिवाड़ी. गांवों के लिए नई बिजली लाइन डालने का काम करते बिजली कर्मचारी।