- Hindi News
- बदमाशों की दुकानदारों से हाथापाई, बाइक कट्टा छोड़ भागे
बदमाशों की दुकानदारों से हाथापाई, बाइक कट्टा छोड़ भागे
कस्बेमें मंगलवार रात चोरों ने आधा दर्जन दुकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपए का सामान पार कर लिया। कस्बे के बाजार में दुकानदार और चोरों में गुत्थम गुत्था भी हुई, जिसमें चोर आनन फानन में एक मोटरसाइकिल, एक अवैध कट्टा मय जिंदा कारतूस चोरी में प्रयुक्त सामान को छोड़कर भाग गए।
घटना के विरोध में व्यापारियों ने बुधवार को दुकानें बंद रखी।मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह व्यापारियों की बैठक व्यापार मण्डल के अध्यक्ष ऋषि शर्मा के नेतृत्व में हुई, जिसमें कस्बे को बंद करने का निर्णय लिया गया। सुबह से ही व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद रखीं। इसके साथ ही व्यापार मण्डल के अध्यक्ष के नेतृत्व में व्यापारी बाजार से एकत्रित होकर तहसील कार्यालय पहुंचे तथा तहसीलदार मेवाराम बंसल को ज्ञापन दिया। इसके बाद तहसीलदार थाना प्रभारी लखनसिंह खटाना की समझाइश पर बाजार को तीन घंटे बाद खोल दिया गया। थाना प्रभारी खटाना ने चोरी की वारदात होने पर तत्परता दिखाते हुए तीन व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। बदमाशों द्वारा छोड़ी गई मोटरसाइकिल की तलाशी में उसके कागजातों की फोटोप्रति मिली है। दुकानदार चोरों के बीच हुई छीनाझपटी में रह गए 315 बोर के एक देशी कट्टा मय लोडेड एक जिंदा कारतूस के बरामद कर लिया है। चोरी के काम में लिए गए कटर औजार जब्त कर लिए गए हैं।