अच्छे दिनों की आस में रखेंगे उपवास
स्थानीयकांग्रेस पार्षदों ने नगर पालिका बिजयनगर क्षेत्र की जन समस्याओं के निराकरण एवं गरीबों को अपना हक दिलाए जाने की मांग को लेकर 15 दिसंबर को एक दिवसीय उपवास रखने का संकेत देते हुए ज्ञापन शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम यहां तहसील कार्यालय में सौपा।
कांग्रेस पार्षद भवानीशंकर राव, गुरू भेज सिंह, नवीन सोनी, बुधराज धानका निर्दलीय नौरत माली ने मुख्यमंत्री के नाम दिए ज्ञापन में अवगत कराया कि सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के जश्न में सरकार व्यस्त है। लेकिन स्थानीय पालिका क्षेत्र में आम जनता, गरीब पिछड़ा वर्ग मूलभूत समस्याओं एवं अपने हक के लिए सरकार का मुंह ताक रहे है। पार्षदों का तर्क था कि चुनावी घोषणाओं से अपार जनविश्वास मिलने के एक वर्ष बाद भी जनता के विश्वास का सम्मान नहीं होने से अच्छे दिनों की आस से खुद को ठगा सा महसूस कर रहे है। पार्षदों ने जनसमस्याओं के निदान के दृष्टिगत 15 दिसंबर को चारबत्ती चौराहे पर एक दिवसीय सांकेतिक उपवास रखने के संकेत दिए है। पार्षदों ने रोडवेज बसों का संचालन शहर के बजाय अधिकांश का सीधे 27 मील चौराहे से सीधी निकलने से बिजयनगर गुलाबपुरा की जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में बसों को शहर से निकालने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने की मांग रखी है। उन्होंने बताया कि पालिका में अग्निशमन वाहन की घोषणा किए विधायक को लंबा समय हो गया लेकिन वाहन नहीं मिला अग्निशमन वाहन शीघ्र उपलब्ध करवाया जाए। इसी प्रकार आवासहीन गरीब एवं बीपीएल परिवारों को अफोर्डेबल हाउसिंग पॉलिसी राजीव आवास योजना के अर्न्तगत आवास उपलब्ध करवाए जाने बीपीएल परिवारों को आवास निर्माण सहायता राशि का शीघ्र भुगतान करने एवं इंद्रा कॉलोनी में बिजयनगर में शीघ्र पट्टे जारी किए जाने की मांग की है। पार्षदों ने शहर की गांधीनगर योजना एवं सीएमसी बैठक कर शेष भूखंड़ों का आवंटन कर कॉलोनी की मूलभूत समस्याओं को हल कर विकास करवाए जाने, पालिका की रिक्त भूमि पर राजस्थान आवासन मण्डल द्वारा आवास बनाकर गरीबों पिछड़ों तथा आवास हीनों को सस्ते आवास उपलब्ध करवाए जाए। वहीं शेष बचे सफाई कर्मियों के पदों पर शीघ्र भर्ती कर शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू किए जाने की मांग भी की है।