नानक श्रावक संघ सेवा के लिए तत्पर
बिजयनगर. प्रेसवार्ता का सम्बोधित करते अभा नानक श्रावक संघ कार्याध्यक्ष ज्ञानचंद सिंघवी महामंत्री गुमानमल कर्नावट।
भास्कर न्यूज| बिजयनगर
अखिलभारतीय श्री नानक जैन श्रावक संघ कार्याध्यक्ष ज्ञानचंद सिंघवी ने कहा कि समाज की निस्वार्थ भाव से सेवा के लिए संघ तत्पर है। वे बुधवार को प्राज्ञ भवन केन्द्रीय कार्यालय के 12 फरवरी को होने वाले शुभारंभ समारोह की तैयारियों एवं संघ की आगामी कार्ययोजना को लेकर प्रेस वार्ता को सम्बोधित कर रहे थे।
सिंघवी ने कहा कि प्राज्ञवर पन्नालाल जी म.सा. की पुण्यधरा पर एक ओर अनूठी पहल केन्द्रीय कार्यालय के शुभारंभ के साथ की जा रही है। इसमें देश भर की नानकवंशीय संस्थाओं का तालमेल कायम कर समाज उत्थान एवं सेवा के लिए लागू की जाने वाली प्रभावी योजनाओं का सफल संचालन किया जाएगा। सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ-साथ देशभर में कार्य संचालन के लिए बिजयनगर में खोले जा रहे इस केन्द्रीय कार्यालय कार्य सम्पादन के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी। सिंघवी ने बताया कि संघ द्वारा जयपुर में विश्वविद्यालय मार्ग पर छात्रावास निर्माणाधीन है। अभा नानक संघ महामंत्री गुमानमल कर्नावट ने बताया कि प्राज्ञ भवन के समीप शुरू होने वाली भोजनशाला में स्वधर्मी बंधुओं के लिए जैन भोजन की व्यवस्था रहेगी। वार्ता के दौरान समाजसेवी सम्पतराज लुणावतअभा प्राज्ञ युवा मण्डल के पूर्व महासचिव दिलीप मेहता, प्राज्ञ युवा मण्डल अध्यक्ष संजीव कोठारी, मंत्री पदम चौधरी, पूर्व युवा मण्डल अध्यक्ष सतीश लुणावत सहित अन्य मौजूद रहे।
कविसम्मेलन आज : महामंत्रीकर्नावट ने बताया कि गुरुदेव पन्नालाल के पुण्य स्मृति दिवस पर एक शाम गुरु पन्ना के नाम कार्यक्रम के तहत गुरुवार को कृषि उपज मण्डी प्रांगण में कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। सम्मेलन में कोटा के बुद्धिप्रकाश दाधीच, पंडित सुनील व्यास, शाहपुरा के डॉ. कैलाश मंडेला, राजेन्द्र गोपाल व्यास, धर्मेन्द्र सोनी, लता सोनी, संजय शुक्ल, संजीव सजल, लोकेश महाकाली श्याम अंगारा एवं स्थानीय कवि खटका राजस्थानी कविता पाठ करेंगे।