- Hindi News
- लूट का एक और आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
लूट का एक और आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
बंजारोंकी जलेरी गांव में दो माह पूर्व लूट की वारदात को अंजाम देने के आरोप में बिजौलियां पुलिस ने बुधवार को मध्यप्रदेश के काकरिया गांव के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में पूर्व में दो जने गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनमें से एक वर्तमान में जेल में है।
थानाधिकारी सूर्यभान सिंह के अनुसार 30सितंबर 14 को बंजारों की जलेरी के हरलाल ने थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि रात में लुटेरे खिड़की तोड़ कर उसकी पुत्र वधू के घर में प्रवेश कर करीब सात किलो चांदी, 12-13 तोला सोने के जेवर एक लाख रुपए छीन ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लूट के आरोप में मंडावरी के गणपत कंजर को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया। गणपत ने पूछताछ में उसके साथ मंडावरी के ही फोरु उर्फ फोरिया कंजर के भी साथ होने की जानकारी दी। इस पर गत दिनों पुलिस ने फोरु को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान उसने वारदात में मध्यप्रदेश के कांकरिया निवासी उदयलाल उर्फ उदा पुत्र नारायण अहीर के भी शामिल होने की जानकारी दी।
बुधवार को पुलिस ने उदयलाल को भी गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को ही पुलिस ने उदयलाल के साथ ही फोरु उर्फ फोरिया कंजर को कोर्ट में पेश कर 12 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से लूट का सामान बरामद करने के प्रयास करेगी।