झुंझुनूं. कादमा (हरियाणा) के कुएं से पुलिस को टूटी-फूटी एटीएम मिली है। कुहाड़वास से चुराई गई एटीएम की तलाश में लगी पुलिस वहां पहुंची। पुलिस उसे निकलवाकर भी लाई, लेकिन यहां बैंक कर्मचारियों ने इसे किसी अन्य बैंक की बताया।
सूत्रों के मुताबिक गुरुवार रात पुलिस को कादमा के निकट एक कुएं में एटीएम मशीन पड़ी होने की सूचना मिली थी। जानकारी थी कि वह वही मशीन है जो 20 सितंबर की रात कुहाड़वास एसबीबीजे परिसर से चुराई गई थी।
बुहाना एसएचओ महेंद्रसिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तब तक काफी रात हो गई थी। गुरुवार रात भर कुएं पर पहरा दिया गया और शुक्रवार सुबह मशीन को कुएं से निकाला गया। मशीन को तोड़कर कई टुकड़े कर दिए गए थे।
पुलिस ने मशीन के टुकड़ों को बरामद कर बुहाना थाना में रखा है। एसबीबीजे की कुहाड़वास शाखा के कर्मचारी कुएं से बरामद एटीएम मशीन को दूसरे बैंक की बता रहे हैं। मशीन के नंबरों का मिलान करने पर पता चलेगा कि यह किस बैंक की और कौनसी शाखा की एटीएम है। संबंधित बैंक का पता लगाने का प्रयास किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों में हरियाणा में भी कई स्थानों से एटीएम मशीन चोरी हुई हैं।
कुछ अहम सुराग मिले हैं
कादमा(हरियाणा) में कुएं में मिली एटीएम किस बैंक की कौनसी शाखा की है यह पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही चोरों संबंधी कुछ सुराग भी पुलिस के हाथ लगे हैं। एटीएम चोर जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। -महेंद्र सिंह, एसएचओबुहाना