चाकू अड़ाकर वृद्धा से 4 हजार रुपए लूटे
पेंशन की जानकारी लेने बैंक में आई थी वृद्धा
नैनवा.कस्बेके बीचों-बीच गढ़चौक स्थित स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर जयपुर शाखा नैनवां में गुरुवार दोपहर को पेंशन की जानकारी लेने आई वृद्धा को दो अज्ञात युवक बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाकर माळ (जंगल) में ले गए और वहां चाकू से मारने की धमकी देकर चार हजार रुपए लूट कर फरार हो गए। इससे पहले लुटेरों से हुई छीना-झपटी में गर्दन पर चाकू लगने से वृद्धा घायल हो गई। बाद में पुलिस ने उसे कस्बे के अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बूंदी रैफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार गुरुवार दोपहर काे शहर के लंका हाली का झौंपड़ा निवासी 60 वर्षीय वृद्धा कैलाबाई गढ़चौक में स्थित एसबीबीजे में पेंशन खाते में जमा होने की जानकारी लेने गई थी। वहां से अपना काम कर वह बैंक के बाहर गई। वहां उसे दो युवक मिले। उन्होंने वृद्धा को बाइक से घर छोड़ने के लिए बरगलाया। वृद्धा युवकों के बहकावे में गई और बाइक पर बैठ गई। उसके बाद दोनों युवक उसे माल में जाने वाले रास्ते पर केरिया के खाळ में ले गए। वहां उन्होंने उसकी गर्दन पर चाकू लगाकर चार हजार रुपए लूट लिए और इसके बाद इसके पैरों से चांदी की कड़ियां खोलने का प्रयास किया, लेकिन इसमें सफल नहीं हुए। वृद्धा के विरोध चिल्लाने से उसकी गर्दन में चाकू का कट लग गया। उसके बाद लुटेरे उसे छोड़कर भाग छूटे। बाद में वृद्धा जैसे-तैसे पूर्व पार्षद छोटीबाई के खेत पर पहुंची। उसकी स्थिति देखकर छोटीबाई ने अपने पुत्र कमलेश को इस घटना की सूचना दी। कमलेश ने थाने पर आकर पुलिस को बताया। इस पर एएसआई हकीम बख्श मौके पर पहुंचे और वृद्धा को अस्पताल लेकर आए। जहां से प्राथमिक उपचार के लिए बूंदी रैफर कर दिया। एएसआई ने बताया कि यह घटना दोपहर दो बजे की है। वृद्धा के पर्चा बयान से लूट की वारदात का खुलासा हुआ है। इस पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर इनकी तलाश शुरू कर दी है।
नैनवां। लूट की शिकार महिला से घटना की जानकारी लेते हुए।