ट्रक में मिले 47 गोवंश, पांच मृत
बूंदी/नमाना रोड| बूंदीरेलवे स्टेशन रोटरी तिहारे के पास रविवार सुबह कोटा की ओर जा रहे एक बड़े ट्रक में से 47 गोवंश मिले हैं। इनमें पांच मृत गायें भी शामिल हैं। वहीं 20 गायें घायल मिली, जिनका पशु चिकित्सालय की टीम से मौके पर ही इलाज कराया गया।
मृत गायों का पोस्टमार्टम भी मौके पर ही कराया गया। साथ ही घायल गायों का उपचार कराकर और शेष स्वस्थ गोवंश को अस्थाई रखरखाव के लिए बालचंदपाड़ा स्थित गोशाला प्रबंधक के सुपुर्द किया गया। उधर, इस घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी भंवरसिंह शेखावत सदर थानाधिकारी अनीस अहमद मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे और हालात की जानकारी ली। गायों की हालत को देखकर मौके पर ही पशु चिकित्सालय से टीम बुलाई गई और वहीं आवश्यक उपचार किया गया। सदर थाना एएसआई दयाराम ने बताया कि लोगों ने रविवार सुबह करीब पौने छह बजे अज्ञात लोगों ने फोन पर ट्रक में गायें होने की सूचना दी। इसके बाद मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे। वहां ट्रक लावारिस हालत में मिला। ट्रक में अंदर देखा तो गोवंश भरा हुआ था। बाद में उनके ट्रक से बाहर निकलवाकर घायलों का उपचार कराया और मृृृृृत गायों का पोस्टमार्टम कराया गया।
इस मामले में ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हे। उधर, वहां मौजूद लोगों ने बताया कि देवली से कोटा की ओर जाते समय ट्रक रेलवे स्टेशन के पास डिवाइडर से टकरा गया। इससे ट्रक की साफ्ट टूट गई और वो आगे नहीं बढ़ सका। इसी दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने जानवरों की आवाज सुनी, ट्रक की फाटक खोलकर देखा तो उसमें गौ वंश भरा था।
उनके पांव बांधकर ट्रक के अंदर भर रखा था। जिससे 5 गायें तो मर चुकी थी। ग्रामीणों पुलिस की मदद से गोवंशों को गोशाला पहुंचाया गया। लोगों का कहना है कि गोवंश को बेचने के लिए ट्रक से ले जाया जा रहा था।
नमाना रोड. पार्सलगाड़ी से गायों को उतारकर गोशाला भिजवाते लोग।