रात में रामलीला, दिन में होगी कथा
दशहरामहोत्सव को लेकर शनिवार को नगर परिषद की बोर्ड बैठक आयोजित हुई। इसमें भाजपा पार्षद हरदीपसिंह ने दशहरा संयोजक के लिए चंदा दीक्षित के नाम का प्रस्ताव रखा। सभी भाजपा पार्षदों ने इसका समर्थन किया। साथ ही गत वर्ष के बजट छह लाख 60 हजार रुपए में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई।
पार्षदों ने रामलीला के साथ रामकथा के आयोजन का भी प्रस्ताव रखा। ऐसे में दशहरा महोत्सव के तहत दिन में रामकथा रात में रामलीला का आयोजन होगा। नगर परिषद सभापति सदाकत अली की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक की शुरुआत में पार्षद मुकेश माधवानी ने शहर से जुड़े अलग-अलग प्रश्नों को लेकर सभापति आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। बैठक से पहले उपसभापति संतोष कटारा के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों ने साधारण सभा की बैठक बुलाने की मांग को लेकर आयुक्त रेखा मीणा के समक्ष नाराजगी जताई। साथ ही यह भी कहा कि वार्डों में विकास कार्य के लिए बजट पास होने के बावजूद काम में शिथिलता बरती जा रही है। ऐसे में ठेकेदार को ब्लेक लिस्टेड किया जाए। इस पर आयुक्त ने ठेकेदारों को नोटिस देने 10 अक्टूबर के बाद साधारण सभा की बैठक रखने की बात कही। पार्षद मुकेश माधवानी ने कहा कि सभी जगहों पर रावण के पुतले का समय पर दहन हो जाता है, लेकिन बूंदी में रात 11 बजे दहन किया जाता है। ऐसे में समय को सुधारा जाए। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा भी शाम पांच बजे रवाना की जानी चाहिए। बैठक में नगर परिषद प्रतिपक्ष नेता टीकम जैन, पार्षद राजेश शर्मा, मनीष सिसोदिया, विक्रमसिंह हाड़ा, त्रिलोक कुमावत, प्रेम जांगिड़ सहित कई पार्षद परिषद के कर्मचारी, अधिकारी मौजूद थे।
दशहरा महोत्सव संयोजक पार्षद चंदा का स्वागत करते पार्षद