- Hindi News
- नीम का खेड़ा पीएचसी में लक्ष्मी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया
नीम का खेड़ा पीएचसी में लक्ष्मी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया
कलेक्टरकी पहली पर मां की मृत्यु के बाद जीवित बच्चों की देखभाल के तहत चिकित्सा विभाग द्वारा 16 बच्चों की देखरेख की जा रही है।
मंगाल की लक्ष्मी पुत्री धनराज मीणा का जन्मदिन मंगलवार को चिकित्सा विभाग ने धूमधाम से मनाया। नीम का खेड़ा पीएचसी में सभी ने लक्ष्मी को आशीर्वाद दिए। अतिथि के रूप में मौजूद बूंदी पंचायत समिति प्रधान राजश्री ने लक्ष्मी को उपहार के रूप में पांच हजार रुपए, कपड़े, साइकिल और गाय देने की घोषणा की। ब्लॉक सीएमएचओ ने बच्ची को पालना दिया। पीएचसी प्रभारी डॉ. कमलेश, आईईसी समन्वयक असमा खान ने कपड़े खिलौने दिए। लक्ष्मी को शुभधन लक्ष्मी योजना के तहत एक साल और संपूर्ण टीकाकरण होने पर 2100 रुपए का चैक सीएमएचओ डॉ. जेपी मीणा और प्रधान ने परिजनों को सौंपा।
कार्यक्रम में पूर्व पंचायत समिति सदस्य रामस्वरूप बांगड़, जिला आशा समन्वयक धर्मेंद्र निर्विकार, बच्चे, आशा सहयोगिनियां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम ट्रेनिंग सेंटर की छात्राएं, चिकित्साकर्मी मौजूद थीं। कार्यक्रम में सीएमएचओ ने कहा कि विभाग द्वारा देखरेख किए जा रहे 16 बच्चों के लिए 16 हजार रुपए सहायता राशि के रूप में प्राप्त हुए हैं। इनसे बच्चों के लिए उपहार खरीदे जाएंगे। 26 सितंबर को नमाना क्षेत्र के धनातरी गांव में बिन मां के बच्चे का जन्मदिन भी धूमधाम से मनाया जाएगा।
बूंदी। बिन मां की बच्ची लक्ष्मी को केक खिलाती प्रधान राजश्री और चिकित्साकर्मी।