- Hindi News
- स्कूलों में तीन दिवसीय राष्ट्रीय कृमि नियंत्रण कार्यक्रम आज से
स्कूलों में तीन दिवसीय राष्ट्रीय कृमि नियंत्रण कार्यक्रम आज से
बूंदी| चिकित्सा,शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से मंगलवार को तीन दिवसीय राष्ट्रीय कृमि नियंत्रण कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, जो 13 फरवरी तक चलेगा। मंगलवार सुबह 10 बजे कलेक्टर आनंदी, बूंदी विधायक अशोक डोगरा, जिला प्रमुख सोनिया गुर्जर देवपुरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में राष्ट्रीय कृमि नियंत्रण दिवस का शुभारंभ करेंगी। इस मौके पर बच्चों को कृमि (पेट के कीड़ों) से मुक्ति और शारीरिक शक्ति के लिए एलबेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। आरसीएचओ डॉ. जेपी मीणा ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों, सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 2 लाख 50 हजार बच्चों को निःशुल्क दवा खिलाई जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में 1 से 5 वर्ष तक तथा स्कूलों में 6 से 19 वर्ष तक के बच्चों को यह दवा खिलाई जाएगी। मीणा ने बताया कि हर वर्ष बड़ी संख्या में बच्चों के कृमिग्रस्त होने की संभावना रहती है। यह संक्रमण सफाई का ध्यान नहीं रखने, अस्वच्छ वातावरण, नंगे पैर एवं संक्रमित मिट्टी के संपर्क में आने से होता है। इससे बच्चों में एनिमिया कुपोषण होता है, जिसके कारण उनके शारीरिक मानसिक विकास पर विपरीत असर पड़ता है। सीएमएचओ डाॅ. केसी मीणा ने बताया कि मंगलवार को दवा खाने से छूटे बच्चों को 13 फरवरी तक एलबेंडाजोल गोली खिलाई जाएगी।
डीवार्मिंगकार्यक्रम आज: जिलेके सरकारी सैकंडरी, सीनियर सैकंडरी स्कूल में मंगलवार को कृमि नियंत्रण डीवार्मिंग कार्यक्रम का आयोजन होगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कृमि नियंत्रण डीवार्मिंग कार्यक्रम के तहत जिले की सभी स्कूलों में छात्र-छात्राओं को भोजन के एक घंटे बाद कृमि नियंत्रण डीवार्मिंग की गोली एलबेंडाजोल खिलाई जाएगी। उन्होंने संस्था प्रधानों को निर्देश दिए हैं कि वे सभी विद्यार्थियों को यह टेबलेट खिलाना सुनिश्चित करें।