कल से सफाई में जुटेगा सरकारी अमला
प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी द्वारा लाल किले से स्वच्छता के आह्वान के तहत अभियान जिले में 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। इसकी शुरुआत कलेक्टर आनंदी, सीईओ सेवाराम स्वामी जिला मुख्यालय से स्वच्छता को बढ़ावा देने का संदेश वाले रथ को ग्राम पंचायतों के लिए रवाना कर करेंगे। कलेक्टर इसके लिए निर्मल भारत अभियान के जिला समन्वयक निजामुद्दीन को नोडल अधिकारी बनाया है। अभियान को राष्ट्रीय स्वच्छता जागरूकता सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा।
नोडल अधिकारी ने बताया कि सप्ताह में जिलास्तर पर जिला परिषद, ब्लॉक स्तर पर पंचायत समिति पंचायत स्तर पर संबंधित ग्राम पंचायत इस कार्यक्रम को आयोजित करवाएगी। इसके लिए सभी को आवश्यकतानुसार बजट दिया है।
जिला मुख्यालय पर ये होंगे आयोजन
स्वच्छता रथ को झंडा दिखाकर ग्राम पंचायत में भेजना, स्वच्छता पर फिल्म प्रदर्शन, डीआरजी दल द्वारा स्वच्छता बैठक, सभा के मुद्दों पर प्रश्नोत्तरी एवं पुरस्कार, 500 बच्चों की स्वच्छता दौड़, सिनेमा हाल में स्वच्छता का स्लाइड शो, 2 अक्टूबर को निबंध लेखन, स्वच्छता प्रश्नोत्तरी की प्रतियोगिता पुरस्कार वितरण, स्वच्छता होर्डिंग जिला ब्लॉक एवं बस स्टैंड पर लगाना।
ग्रामपंचायत पर ये होंगे आयोजन
26सितंबर को स्वच्छता सभा, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति द्वारा प्रत्येक वार्ड में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर स्वच्छता के मुद्दे पर चर्चा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या आशा या प्रेरक या स्थानीय स्वयंसेवकों द्वारा घर-घर जाकर लोगों को जानकारी देना एवं टॉयलेट के लिए आवेदन पत्र भरवाना, प्रत्येक गांव में नारा लेखन (अधिकतम 50 नारे प्रति ग्राम पंचायत), प्रतिदिन एक स्कूल मिडिल सैकंडरी स्कूल के बालकों की रैली (एक बैनर एवं 20 स्वच्छता नारों की तख्तियां), प्रत्येक स्कूल में प्रार्थना। सभा के दौरान स्वच्छता के एक बिंदु के दौरान 5 मिनट की चर्चा, प्रत्येक स्कूल में स्वच्छता के विभिन्न बिंदु पर वाद-विवाद एवं निबंध या चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन, बाल संसद द्वारा स्कूल परिसर की साफ-सफाई, प्रतिदिन प्रार्थना सभा के दौरान निर्मल प्रतिज्ञा करवाना, नेहरू युवा केंद्र एवं एसएचजी के साथ बैठक होगी।