- Hindi News
- जनता को भ्रमित करने के लिए एक वर्ष की उपलब्धियों का जश्न मना रही है सरकार
जनता को भ्रमित करने के लिए एक वर्ष की उपलब्धियों का जश्न मना रही है सरकार
पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री ने राज्य सरकार पर साधा निशाना
भास्करन्यूज. बूंदी
पूर्वमंत्री हरिमोहन शर्मा ने कहा कि राजस्थान के इतिहास में अब तक जितनी भी सरकारें बनी उन्होंने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में राज्य के लिए कुछ कुछ अवश्य किया, लेकिन इस भाजपा सरकार ने एक वर्ष में कुछ नहीं करने का कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके लिए शर्मसार होने की बजाय जनता को भ्रमित करने के लिए एक वर्ष की उपलब्धियों का जश्न मनाया जा रहा है।
यह बात उन्होंने शुक्रवार को एक होटल में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि आश्चर्य की बात यह है कि सरकार 10 माह तक मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं कर पाई। पिछले एक वर्ष में बूंदी जिले की घोर उपेक्षा की गई है।
उन्होंने बूंदी जिले से जुड़ी सरकार की नाकामियां गिनाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने बंूदी में मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की थी, जिस घोषणा को निरस्त कर दिया गया। अस्पताल में डॉक्टर है और ना ही मरीजों को नि:शुल्क दवा जांच योजना का लाभ मिल पा रहा है।
गरड़दा बांध की महत्ती योजना के पुनर्निर्माण का आश्वासन दिया गया था, जो पूरा नहीं हुआ। बूंदी का अधिकांश भाग अभयारण्य सीमा में आया हुआ है, लेकिन सांसद, विधायक कुछ नहीं कर पाए।
राज्य सरकार द्वारा बनाए गए नियमों के विपरीत 50 प्रतिशत से लेकर 100 प्रतिशत तक डीलएसी की दरें बढ़ाकर राशि वसूली जा रही हैं। कानूनगो, पटवारियों का आंदोलन चल रहा है, जिसका कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने सरकार की ओर भी कई नाकामियां बताई। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीएल प्रेमी, जिला महामंत्री सत्येश शर्मा, नगर परिषद सभापति सदाकत अली, महामंत्री लटूर मोहम्मद सहित कई लोग मौजूद थे।
बूंदी। भाजपा सरकार की विफलताओं को लेकर शुक्रवार को एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते पूर्व मंत्री हरिमोहन शर्मा।