प्रेरकों ने निकाली रैली
बूंदी. अखिलराजस्थान महात्मा गांधी सार्वजनिक पुस्तकालय एवं वाचनालय लोक शिक्षा प्रेरक संघ की ओर से शुक्रवार को शहर में रैली निकालकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया गया। इससे पहले जिलाध्यक्ष तेजराजसिंह हाड़ा की अध्यक्षता में आजाद पार्क में जिले के चारों ब्लॉकों के महिला, पुरुष प्रेरकों की बैठक हुई। महासंघ के पूर्व जिलाध्यक्ष रवींद्र चतुर्वेदी, महासंघ जिलाध्यक्ष अनीस अहमद, जिला सचिव हनुमान सैनी, दुर्गालाल सेन, भरत शर्मा, प्रभुलाल, महेंद्र बागड़ी, राजेश पाराशर, संविदा कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष अवधेश शर्मा, जिला प्रवक्ता रामरतन रैगर ने संबोधित किया। बैठक के बाद नियमित करने सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर रैली के रूप में प्रेरक कलेक्ट्रेट पहुंचे। मुख्यमंत्री के नाम एडीएम विधायक अशोक डोगरा को ज्ञापन दिया। प्रमुख मांगों में राज्य सरकार के स्तर पर पुस्तकालय का डिप्लोमा कराकर प्रेरकों को पुस्तकालय अध्यक्ष सहायक के पद पर नियमित किया जाए। प्रेरकों के 19 जुलाई के आदेश अंशकालीन सेवा को निरस्त कर प्रेरकों का पूर्णकालीन समय किया जाए। लोक शिक्षा प्रेरकों का मानदेय सीधा बैंक खातों के माध्यम से जमा करवाया जाए। 31 मार्च 2009 से पहले सतत शिक्षा कार्यक्रम का बकाया मानदेय शीघ्र जमा कराया जाए। उच्च न्यायालय का आदेश प्रेरको को प्रशिक्षित कर्मचारियों के बराबर वेतन देने के आदेश को लागू किया जाए।