नए कलेक्टर ने संभाला पदभार, सुनी समस्या
बूंदी| नवनियुक्तकलेक्टर नरेशकुमार ठकराल ने गुरुवार को पदभार ग्रहण कर लिया है। एडीएम (प्रशासन) राम जीवन मीणा ने ठकराल को कार्यभार सौंपा। कलेक्टर ठकराल श्रीगंगानगर के रहने वाले हैं। इससे पहले वे अजमेर लोक सेवा आयोग में सचिव पद पर रह चुके हैं। उधर, जिला कलेक्टर नरेशकुमार ठकराल ने गुरुवार को अटल सेवा केंद्र में आयोजित जिला स्तरीय जन सुनवाई में आमजन से अभाव अभियोग सुने। मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित समाधान कर आमजन को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। जन सुनवाई के दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों से परिचय लेने के बाद कलेक्टर ने कहा कि सभी के सहयोग से राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं तथा कार्यक्रमों को आगे बढाया जाएगा। उन्होंने परिवादियों के प्रार्थना पत्र लेकर बारी-बारी से सबको बुलाया तथा समस्या की विस्तार से जानकारी लेकर समाधान के निर्देश दिए। जन सुनवाई के दौरान बूंदी विधायक अशोक डोगरा, एसपी भुवनभूषण यादव, एडीएम (प्रशासन) रामजीवन मीणा, एडीएम (सीलिंग) मदनगोपाल मीणा, सीईओ अंबरीश मेहता, एसीईओ ज्ञानचंद, डीएसपी बीएस शेखावत सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।
बूंदी। पदभार ग्रहण करते नवनियुक्त कलेक्टर नरेशकुमार ठकराल।