पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बजट घोषणा में किए कार्यों को शीघ्र पूर्ण करें: वर्मा

बजट घोषणा में किए कार्यों को शीघ्र पूर्ण करें: वर्मा

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
परिवहनराज्यमंत्री बाबूलाल वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बजट में घोषणा के कार्यों को विभागीय अधिकारी जल्द पूर्ण करें और अगर कार्य को पूर्ण करने में रुकावट रही है तो उच्च स्तर पर अवगत कराएं। वे बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे बजट घोषणा के कार्य को तत्परता से पूरा करें। राज्यमंत्री वर्मा ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि मेज नदी पर पानी को एनीकट, चैकडेम के माध्यम से रोकने की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कलेक्टर आनंदी से हिंडौली ब्लाक में सब्जी की बहुतायत पैदावार को देखते हुए फूड पार्क के लिए जगह चिन्हित कर प्रस्ताव बनाने के लिए कहा। मुख्यमंत्री की सुराज संकल्प यात्रा के दौरान सड़कों की स्थिति बेहद खराब थी, जिसमें सुधार की जानकारी भी ली। उन्होंने शाही ट्रेन के बूंदी में ठहराव पर पर्यटन अधिकारी से मार्ग और ठहराव कर पाने की जानकारी ली। गोल्डन टोकन परियोजना, हिंडौली में पेयजल स्थिति, खटकड़ में बालिका विद्यालय शुरू करने, बडानयागांव में मटर मंडी निर्माण की स्थिति, रघुनाथपुरा प्राथमिक विद्यालय को उच्च प्राथमिक विद्यालय में क्रमोन्नत करने, झाली जी का बराना में मेज नदी पर ऊंचा पुल बनाने, चाकन बांध में नहर निर्माण की स्थिति पर विभागवार जानकारी ली। परिवहन राज्यमंत्री को कलेक्टर ने भामाशाह योजना में जिले की स्थिति से अवगत कराया। इस योजना के अन्तर्गत 48 प्रतिशत कवरेज हो चुका है तथा 30 अप्रैल 2015 तक लक्ष्य को पूरा करना है। जिले में नैनवां हिंडौली ब्लाक पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। कलेक्टर ने संपर्क समाधान में जिले की लंबे समय से चली रही कोई पेंडिंग शेष नहीं रहने की बात कही। उन्होंने रोडवेज के मुख्य प्रबन्धक से हिंडौली नैनवां के बीच रोडवेज बस चलने पर निर्देश दिए कि इस मार्ग पर आवागमन के साधनों की कमी रहें। यदि कोई इस मार्ग पर राजकीय बस सेवा को नुकसान पहुंचाता है तो उसकी एफआईआर दर्ज कराएं। एसपी तेजराज सिंह ने मार्ग पर पूर्ण सुरक्षा का भरोसा दिलाया। बूंदी विधायक अशोक डोगरा ने गरडदा बांध के निर्माण कार्य में देरी, पर्यटन विकास में धीमी रफ्तार, ठोस कचरा प्रबंधन का निस्तारण, ख्यावदा से जैथल के बीच हनूतिया के पास पुलिया के निर्माण पर त्वरित कार्य कराने के लिए कहा। जिले के प्रभारी सचिव अजिताभ शर्मा ने सिंचाई विभाग के एक्सईएन महेन्द्र वर्मा से विभागीय कार्योंं की जानकारी ली तथा सिंचाई विभाग के अधूरे कार्यो में रही रुकावट का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया एवं विभिन्न विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह में पूर्ण रिपोर्ट प्रस्तुत कर भिजवाने के लिए निर्देशित किया। बैठक में एडीएम रामजीवन मीणा, निजी सचिव विभु कौशिक, सीईओ अंबरीष मेहता, एसीईओ ज्ञानचंद्र रैगर सहित नैनवां प्रधान प्रसन्न बाई, केशवरायपाटन प्रधान प्रशांत, बूंदी प्रधान मधु वर्मा भी मौजूद थे।