- Hindi News
- पंचायत समिति सदस्यों का प्रधान ने किया सम्मान
पंचायत समिति सदस्यों का प्रधान ने किया सम्मान
पंचायतसमिति की साधारण सभा सोमवार को सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। प्रधान मीरा रणवा की अध्यक्षता में हुई बैठक में एसडीएम हीरालाल मीणा नायब तहसीलदार बजरंगलाल भी उपस्थित थे।
बैठक के शुरू में बीडीओ विनेश कुमार ने एजेंडे के मुद्दों से सदन को अवगत करवाया। सदस्यों-सरपंचों में हंसी-मजाक और आसन्न पंचायत राज चुनाव पूर्व की चर्चा के बीच कुछेक ग्रामीण जनप्रतिनिधियों ने अपने इलाके में बिजली-पानी की समस्या का भी जिक्र किया। बैठक में मौजूद बिजली निगम के जेईएन मनीष मान ने ग्राम पंचायतों में जनता जल योजना के तहत बने नए ट्यूबवैलों के लाखों रुपए के बिजली बिल बकाया होने की जानकारी दी। उन्होंने सदस्यों को बताया कि अकेले चिड़ावा एईएन कार्यालय के अधीन गांवों में ही करीब 12.6 लाख रुपए बकाया हैं, जबकि एक्सईएन ब्लॉक में बकाया राशि 50 लाख रुपए से भी अधिक बनती है। इस पर पंचायत समिति सदस्यों ने कहा कि उपरोक्त ट्यूबवैल के कनेक्शन तो ग्राम पंचायत सरपंच के नाम जारी किए गए हैं लेकिन पंचायतों को बिल चुकाने के लिए अलग से कोई बजट नहीं दिया जा रहा, ऐसे में सरपंच उसका भुगतान कौनसी मद में से कैसे करे। ग्रामीण जनप्रतिनिधियों की मांग पर सदन के सभापति ने इस समस्या से संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों सरकार को अवगत करवाने की बात कही।
इस दौरान प्रधान मीरा रणवा एवं पूर्व प्रधान पंचायत समिति सदस्य निहालसिंह रणवा ने उपस्थित सदस्यों-सरपंचों का पंचायत समिति के वर्तमान कार्यकाल में दिए गए सहयोग के लिए आभार जताते हुए शाल ओढ़ाकर सम्मान किया। बैठक की कार्रवाई का संचालन प्रगति प्रसार अधिकारी रणसिंह चौधरी एवं वरिष्ठ लिपिक गुलझारीलाल ने किया।चर्चा में पूर्व उप प्रधान उमरावसिंह डांगी, सुनील जानू, भगवती देवी, जानकीदेवी कटेवा, गोकुलसिंह, जयदयाल, रामनारायण झाझड़िया, महेंद्र चनाना, सरपंच उम्मेदसिंह किठाना, नारायणसिंह, नत्थूराम सैनी, सरोज चनाना, हकीमुद्दीन, परमानंद लांबा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर बिजली-पानी, पीडब्लूडी, कृषि, पशुपालन, चिकित्सा एवं राजस्व सहित अन्य सरकारी महकमों के अधिकारी कर्मचारी भी मौजूद थे।
चिड़ावा कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधि।
चिड़ावा. पंचायतसमिति की बैठक में मौजूद प्रधान मीरा रणवा, एसडीएम, नायब तहसीलदार, बीडीओ आदि।