बीईईओ ने किया स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण
छबड़ा| उपखंडक्षेत्र के कई गांवों के स्कूलों का शनिवार को बीईईओ ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान सामने आई अनियमितताओं और कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। शैक्षिक प्रकोष्ठ प्रभारी बीईईओ शंकरलाल नागर ने बताया कि नोडल केंद्र हिंगलोट, बिशनखेड़ा, चैना, नागदा के स्कूलों का शनिवार को आकस्मिक निरीक्षण किया।
साथ ही पाली रोड पर स्थित मोरेली, मोरेली पठार, हिंगलोट, बिशनखेड़ा, मदनाखेड़ी में स्कूल समय से संचालित मिले। नागदा में दो शिक्षक अवकाश पर मिले। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि भवन नया है, लेकिन बारिश में टपकता है। बामला जागीर स्थित स्कूल में शिक्षाकर्मी अध्यापन करा रहे थे। यहां भी भवन पुराना है। प्रधानाध्यापक से इस संबंध में आय-व्यय की जानकारी मांगने पर बताया कि जिसने निर्माण कराया उनका तो स्थानांतरण हो गया।
तब से ही कार्य अधूरा पड़ा है। अब लागत बढ़ जाने से तथा स्कूल में पीने के पानी का संकट होने से निर्माण संभव नहीं है। अतिरिक्त राशि स्वीकृत होने पर ही कार्य हो सकता है। यहां पानी के अभाव में छात्र-छात्राओं को पानी घर से लाना पड़ रहा है। यहां हैंडपंप लगाने की जरूरत है। स्कूल में 102 विद्यार्थी अध्यनरत हैं। यहां दो शिक्षक लगाने की ग्रामीणों ने मांग की है।