खांखरा पुलिया निर्माण को लेकर सौंपा ज्ञापन
उपखंडक्षेत्र के बाहरी ग्राम पंचायत के खांखरा ग्राम में पुलिया निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। वहीं एसडीएम को को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
क्षेत्र के 25 गांवों के ग्रामीणों ने खांखरा की पुलिया निर्माण को लेकर बुधवार दोपहर 12 बजे एसडीएम कार्यालय के सामने पहुंचकर चक्काजाम किया। साथ ही मुख्यमंत्री का पुतला फूंककर एसडीएम चिमन लाल मीणा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि उक्त पुलिया पिछले दो वर्षों से क्षतिग्रस्त है। इसके चलते क्षेत्र के 25 गांवों के लोगों आवागमन बंद हो चुका है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने से प्रसुताओं बीमार व्यक्तियों तथा छात्र-छात्राओं को छबड़ा आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के ग्रामीण पिछले कई वर्षों से क्षेत्र के जनप्रतिनिधि सासंद दुष्यंत सिंह, विधायक प्रताप सिंह सिंघवी सहित आला अधिकारियों से पुलिया निर्माण की मांग करते रहे हैं। इसके बावजूद भी जनसमस्या पर किसी ने ध्यान नहीं दिया है। यदि सरकार की ओर से एक सप्ताह के अंदर पुलिया के निर्माण की कार्रवाई नहीं की गई तो जनआंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में पंचायत समिति के पूर्व डायरेक्टर रामरतन, पूर्व ब्लाॅक अध्यक्ष किसान कांग्रेस भवानी शंकर मालव, मोहन लाल, साजिद खान, मोहन लाल बैरवा, अशोक गाडरी, बनवारी लाल, धन्ना लाल, धनराज, हीरा लाल, कुलदीप, बनवारीलाल सहित क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण शामिल थे।
छबड़ा. पुलिया निर्माण को लेकर ज्ञापन देते खांखरा ग्राम के लोग।