- Hindi News
- चार शिक्षकों से पढ़ने वाले छह बच्चे नहीं कर सके गुणा भाग
चार शिक्षकों से पढ़ने वाले छह बच्चे नहीं कर सके गुणा-भाग
सरकारीस्कूलों में शिक्षा के हालात कैसे हैं, इसका सच शिक्षा संबलन अभियान के तहत हुई जांच में सामने आया। दो दिन में अधिकारियों ने जिले की 250 स्कूलों की जांच की।
सर्व शिक्षा अभियान के एपीसी अशोक जांगिड़ ने बताया कि पहले दिन 123 अधिकारी स्कूलों में जांच करने पहुंचे। गुरुवार को दूसरे दिन 127 अधिकारियों ने स्कूलों की स्थिति देखी। अधिकारी अपनी रिपोर्ट विभाग को भेज रहे हैं। इसके बाद जांच रिपोर्ट ऑनलाइन की जाएगी। उन्होंने बताया कि बचे हुए स्कूलों की सत्र के समापन से पहले जांच की जाएगी।
एसएसए के एडीपीसी सुभाष ढाका ने राणासर बजावा के राजकीय उमा विद्यालयों की जांच की। राणासर में 177 बच्चे मिले। इनका शिक्षा स्तर सामान्य ही मिला। बजावा स्कूल में बच्चों की संख्या साढ़े तीन सौ थी और वहां का शिक्षा स्तर भी अच्छा मिला।
केस-1 .बुहाना ब्लाक के गांव गोपालपुरा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय। कक्षा छह, सात आठ में एक भी नामांकन नहीं। छह बच्चों पर चार अध्यापकों का स्टाफ। इसके बावजूद भी बच्चों का शिक्षा स्तर दयनीय। गणित के जोड़-बाकी और गुणा-भाग भी नहीं कर पाए बच्चे। स्टाफ के वेतन का आंकलन करें तो इतने पैसे में भी छह बच्चे विदेश में भी अध्ययन कर लें।
बुहाना. शिक्षासंबलन के तहत गुरुवार को 14 प्रशासनिक अधिकारियों ने स्कूली बच्चों की क्लास ली। एसडीएम सोहनराम चौधरी ने नावता के राजकीय मा. स्कूल के बच्चों की शैक्षणिक योग्यता कम होने पर स्कूल स्टाफ को फटकार लगाई। सुधार करने के निर्देश दिए। यहां एसडीएम ने कक्षा छह, सात आठ के बच्चों को सरल जोड़, बाकी, गुणा के सवाल हल करने दिए तो एक भी बच्चा सही उत्तर नहीं दे पाया। तहसीलदार बृजेश कुमार ने पचेरी कलां के राजकीय मा बालिका स्कूल की छात्राओं के साथ पूरा दिन बिताया। कक्षा सात की छात्राओं का समान्य ज्ञान कमजोर था। बीईईओ गंगाराम बिर्माण ने राउमा स्कूल कुहाड़वास, एबीईईओ धर्मपाल ने राप्रा स्कूल इंद्रसर, एबीईओ सत्यनारायण शर्मा ने राप्रा स्कूल हमीरवास, एबीईओ मांगेराम ने राउप्रावि लांबीजाट , एबीईओ राजपाल सिंह ने राप्रा स्कूल निहालोठ की ढाणी, एबीईओ शीशराम यादव ने राप्रा स्कूल रामसर, आरपी अजीत सिंह ने राप्रा बालिका स्कूल जयसिंहपुरा, आरपी जवाहरलाल ने राउप्रा स्कूल मोई पुरानी, आरपी पवन कुमार ने राउप्रा स्कूल ठोठी, प्रवीण कुमार राप्रा स्कूल गुर्जरवास, पाबूदान सिंह ने राप्रा स्कूल श्याम बाबा की ढाणी, कार्यवाहक बीडीओ मनोज चौधरी ने रामा स्कूल झारोड़ा का निरीक्षण किया। पोषाहार व्यवस्था को जांचा। रीडिंग कैंपेन की जांच कर आवश्यक निर्देश दिए।
केस-2 .चिड़ावा ब्लॉक का गांव तारा का बास का राजकीय प्राथमिक विद्यालय। छह बच्चों का नामांकन और उनमें से भी मात्र तीन ही उपस्थित। ऐसी ही हालत स्टाफ की। दो टीचर और उनमें भी एक ही ड्यूटी पर। पांचवीं के बच्चों को भी हिंदी पढ़नी नहीं आई। अंग्रेजी के स्थिति तो और भी बुरी है।
बुहाना. शिक्षासंबलन के तहत बच्चों की क्लास लेते तहसीलदार बृजेश कुमार।