(चिड़ावा. स्वच्छ भारत अभियान में पालिका के सामने झाड़ू लगाते विधायक सुंदरलाल, पालिकाध्यक्ष ओमप्रकाश सैनी व अन्य।)
झुंझुनूं। जिले में गुरुवार को स्वच्छ भारत सप्ताह अभियान शुरू हुआ। शहर में सुबह गांधी चौक में तहसीलदार ओमप्रकाश जांगिड़ ने झाड़ू निकालकर अभियान की शुरुआत की। चिड़ावा में पिलानी विधायक सुंदरलाल, उदयपुरवाटी में विधायक शुभकरण चौधरी ईओ अनिता खीचड़ ने पहले दिन झाड़ू लगाकर अभियान शुरू किया।
स्वाधीनता दिवस पर लाल किले से भाषण में प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी ने शहरों को साफ रखने की अपील करते हुए अभियान की घोषणा की थी। प्रदेश में एक साथ गुरुवार को अभियान शुरू हुआ। पहले दिन गांधी चौक, राणी सती रोड एवं पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में सफाई की गई। एफसीआई गोदाम के पास जेसीबी से झाड़ झंखाड़ उखाड़े गए। शुक्रवार को सरकारी कार्यालयों में विशेष साफ सफाई की जाएगी। 27 सितंबर को अस्पतालों में अभियान चलेगा। 29 को शहर के सभी सार्वजनिक शौचालयों में 30 सितंबर को चाय की थड़ियों, ढाबों होटलों के आस-पास साफसफाई करवाई जाएगी। एक सितंबर को पार्को एवं सर्किलों की सफाई करवाई जाएगी। समापन दो अक्टूबर को होगा। गांधी चौक में अभियान की शुरुआत में पार्षद इकराम भाटी, कार्यवाहक नगर परिषद आयुक्त बाबूलाल शर्मा, एसआई मूलसिंह एवं राजीव जानू मौजूद थे।
चिड़ावा| स्वच्छभारत अभियान का शुभारंभ गुरूवार को यहां नगर पालिका कार्यालय के सामने से हुआ। पिलानी विधायक सुंदरलाल एवं नगरपालिकाध्यक्ष ओमप्रकाश सैनी की अगुवाई में एसडीएम हीरालाल मीणा, डीएसपी रामनिवास मीणा, नायब तहसीलदार बजरंगलाल, नगरपालिका उपाध्यक्ष महेश हिम्मतरामका एवं ईओ राजेंद्र सीगड़ सहित वार्ड पार्षदों अन्य विभागों के अधिकारियों ने मुख्य सड़क पर झाड़ू लगाई। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को हाथों में झाड़ू थामे देखकर एक बारगी तो राहगिर अचंभित हुए लेकिन बाद में अभियान की जानकारी मिलने पर वे मुस्कुराते हुए आगे बढ गए। एसडीएम कार्यालय के निजि सहायक कैलाशसिंह कविया ने बताया कि अभियान के तहत योजनाबद्ध ढंग से शहर के मुख्य रास्तों, गली-मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों, नालों-नालियों की सफाई करवाई जायेगी। पहले दिन नया बस स्टैंड तक के क्षेत्र में सफाई करवाई गई।
उदयपुरवाटी| स्वच्छ भारत अभियान के तहत कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक शुभकरण चौधरी ने घूमचक्कर के निकट झाड़ू लगाकर किया। स्टेट हाईवे झुंझुनूं पर नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों की टीम ने नई मंडी के निकट तक सफाई की। हालांकि प्रस्तावित सड़क के एक चौथाई हिस्से पर भी सफाई पूरी नहीं हो सकी। सफाई कर्मचारियों ने दोपहर तक सफाई करने के बाद साफ कह दिया कि सरकार तो नवरात्रा नहीं करती होगी लेकिन हम करते हैं। ठेकेदार के कर्मचारियों ने भी पहले दिन इससे ज्यादा सफाई करने से साफ इंकार कर दिया। कर्मचारियों ने कह दिया कि वैसे राज्य सरकार की छुट्टी के दिन भी हमने पूरे समय तक काम किया लेकिन अगर अधिकारी चाहें तो आधे दिन की गैर हाजरी लगा दें। शुभारंभ के अवसर पर एसडीओ एमआर बागड़िया, तहसीलदार पालचंद भाकर, ईओ अनिता खीचड़, व्याख्याता अनिता चौधरी, एसआई विष्णु सर्पटा, चौथमल चावरिया, मुन्नालाल, पार्षद ओनाड़ सैनी, भाजपा नगर अध्यक्ष झाबरमल सैनी, दौलतराम सैनी आदि मौजूद थे।
मुकुंदगढ़| ईओरणजीत गोदारा, जमादार गिरधारीलाल, सफाई निरीक्षक श्रवण कुमार, श्यामलाल झाझोट आदि ने अभियान के शुभारंभ कराया। इस दौरान सफाईकर्मियों ने वार्ड एक में साफ-सफाई की, कचरा उठाया घास फूस हटाया।
खेतड़ी| एसडीएमसुरेश बुनकर ने झाडू लगाकर स्वच्छ भारत अभियान की शुरूआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जीवन में स्वच्छता सबसे जरूरी है। जो लोग स्वच्छता को अपनाते हैं वे अनेक प्रकार की बीमारियों से दूर रहते हैं। हर व्यक्ति को स्वच्छता अभियान में अपना योगदान देना चाहिए। इस दौरान पालिका अध्यक्ष सीताराम वर्मा, ईओ सुमित वर्मा सहित नगरपालिका के कर्मचारी मौजूद थे।
बिसाऊ| अभियान के शुरू में पालिकाध्यक्ष सुलोचना देवी चेजारा ने बताया कि दो अक्टूबर तक वार्डो में प्रतिदिन सफाई की जाएगी। प्रमुख मार्गों, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल आदि की विशेष सफाई होगी। स्ट्रीट लाइट सुधारी जाएगी।
नवलगढ़में अभियान पहले दिन फेल: नवलगढ़| हेरिटेज सिटी में पहले ही दिन अभियान पूरी तरह से फेल हो गया। कस्बे में छठे दिन भी कचरा नहीं उठाया गया, जिसके कारण चारों तरफ गंदगी के ढेर जमा हो गए। अभियान के तहत पहले दिन स्थानीय प्रशासन का कोई अधिकारी नहीं दिखा। पिछले चार माह से जिला प्रशासन ने पालिका को कचरा डालने के लिए जमीन ही नहीं दी है।