झुंझुनूं। सुमन रायला झुंझुनूं की नई जिला प्रमुख बनी हैं। कांग्रेस प्रत्याशी सुमन ने शनिवार को भाजपा की प्रत्याशी इंद्रमणि आबूसरिया को हराया। इस पद पर कांग्रेस का कब्जा बरकरार रहा। केंद्र और प्रदेश में सत्ता में होने के बावजूद भाजपा झुंझुनूं में अपना जिला प्रमुख नहीं बनवा सकी। उसकी प्रत्याशी महज एक वोट से हार गईं।
35 सदस्यीय जिला परिषद में किसी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं था। दोनों प्रमुख पार्टियों के 17-17 सदस्य जीतकर आए थे। एक सदस्य निर्दलीय जीती थीं। समझा जा रहा है कि प्रमुख पद के चुनाव में निर्दलीय का वोट कांग्रेस को मिला। झुंझुनूं में भाजपा कभी भी जिला प्रमुख नहीं बनवा सकी है। इस बार उसे काफी उम्मीद थी और इसके लिए मान-मनुहार, बाड़ाबंदी जैसी कवायद भी हुई।
इधर, जिले की आठ पंचायत समितियों में भाजपा की स्थिति अपेक्षाकृत अच्छी रही। कुल आठ पंचायत समितियों में से चार के प्रधान भाजपा बनाने में कामयाब रही। तीन के प्रधान कांग्रेस के हैं। चिड़ावा में निर्दलीय प्रत्याशी प्रधान बना है। भाजपा विधायक के पुत्र कैलाश मेघवाल के सामने भाजपा ने किसी प्रत्याशी को नहीं उतारा था।
जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस की सुमन ने भाजपा प्रत्याशी इंद्रमणि आबूसरिया को एक वोट से हराया। सुमन को 18 जबकि इंद्रमणि को 17 वोट मिले। सुमन वार्ड 35 से इंद्रमणि वार्ड 5 से सदस्य हैं। बराबर वोट होने के चलते दोनों ही पार्टियों के रणनीतिकारों को क्रॉस वोटिंग की आशंका थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वार्ड 27 से रचना यादव का निर्दलीय जितना कांग्रेस के लिए फायदेमंद साबित हुआ।
भाजपा का सिंबल लेना काम नहीं आया
मंडावा | नवलगढ़ की पूर्व विधायक प्रतिभासिंह ने शनिवार सुबह भाजपा की औपचारिक सदस्यता ग्रहण की लेकिन यह दांव चला नहीं। वे नवलगढ़ में प्रधान नहीं बन सकीं।
मंडावा में होटल उदयविलास में भाजपा के चुनाव प्रभारी काशीराम गोदारा, संदीप शर्मा, जिलाध्यक्ष राजीवसिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. दशरथसिंह शेखावत की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की प्राथमिकता सदस्यता ग्रहण की। पूर्व विधायक ने पार्टी में शामिल होते ही नवलगढ़ में बहुमत का अपने साथ होने का दावा किया था।
इसके बाद वे प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल करने भाजपा का सिंबल लेकर नवलगढ़ रवाना हो गईं। इधर, होटल में जिला प्रमुख बनाने के लिए भी सुबह 10 बजे तक नेताओं में जोड़तोड़ चलती रही। पूजा बाबल और इंद्रमणि आबूसरिया में से एक को फाइनल करना था। घंटे भर गुप्त बैठक के बाद इंद्रमणि का नाम तय किया गया।
राजेश बाबल उनकी प|ी पूजा नाराजगी व्यक्त कर होटल से निकल गए। इन्हें मनाने चार-पांच सदस्य गए लेकिन दोनों गाड़ी में बैठकर निकल गए। राजीवसिंह का कहना था की पार्टी में गुटबाजी नहीं है और सर्वसम्मति से ही जिला प्रमुख के लिए प्रत्याशी तय किया गया है। यहां के होटलों में दोनों पार्टियों के सदस्यों की करीब 3.30 बजे तक बाड़ाबंदी रही।
उपप्रमुख एवं उपप्रधानों के चुनाव आज
उपजिला प्रमुख एवं उपप्रधानों के चुनाव रविवार को होंगे। सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल होंगे। 11.30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर एक बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद मतगणना होगी।
यादव को मिलेगा हाथ के साथ का इनाम!
कांग्रेस का जिला प्रमुख बनाने में सहयोगी रहीं रचना यादव को उपजिला प्रमुख बनाया जा सकता है। उनके पति कर्मवीर यादव कांग्रेस पृष्ठभूमि से हैं। टिकट नहीं मिलने के कारण प|ी को निर्दलीय चुनाव लड़वाया था। अब जरूरत में रचना कांग्रेस के साथ आई हैं। इसकी एवज में उन्हें उपजिला प्रमुख बनाने की संभावना है। भाजपा की ओर से उपप्रमुख के लिए भाजपा में डॉ. दशरथसिंह शेखावत बनवारीलाल सैनी के नाम चर्चा में है।
पंचायत समिति प्रधान पार्टी निकटतम पार्टी
झुंझुनूं सुशीला सीगड़ा कांग्रेस निर्मला गावड़िया भाजपा
नवलगढ़ गजाधर ढाका कांग्रेस प्रतिभासिंह भाजपा
सूरजगढ़ सुभाष पूनिया भाजपा सुरेश सेवी कांग्रेस
चिड़ावा कैलाश मेघवाल निर्दलीय रामेश्वरलाल कांग्रेस
उदयपुरवाटी सविता खरबास कांग्रेस संगीता भाजपा
खेतड़ी मनीषा गुर्जर भाजपा मनोज गुर्जर कांग्रेस
अलसीसर गिरधारीलाल भाजपा घासीराम कांग्रेस
बुहाना कविता यादव भाजपा शकुंतला कांग्रेस
हमारी नई जिला प्रमुख
एमए,बीएड शिक्षित सुमन के पति मुकेश दिल्ली पुलिस में सिपाही है। उनके दो वर्षीय एक बेटा है। उनके ताऊ ससुर रिटायर सूबेदार ईश्वरसिंह रायला झेरली के सरपंच रह चुके हैं। सुमन का पीहर बुहाना के नजदीक खानपुर गांव हैं में है। उनके पिता वीरसिंह राजनीति में सक्रिय हैं।
जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन किया जाएगा
जिला प्रमुख बनने पर सुमन रायला ने कहा कि जनता के सहयोग से यह जीत मिली है। जनता ने जो जिम्मेदारी दी है उसका बखूबी निर्वहन किया जाएगा। सभी के सहयोग से बगैर भेदभाव के विकास कार्य कराए जाएंगे।
वोट डालने सबसे पहले पहुंची सिलोचना
जिला परिषद में सुबह 10 बजे बैठक शुरू हुई। इसके साथ ही जिला प्रमुख पद के लिए नामांकन भरे गए। 11 बजे तक दो ही नामांकन प्राप्त हुए थे। जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर एसएस सोहता की मौजूदगी में अपराह्न 3 बजे मतदान शुरू हुआ। सबसे पहले कांग्रेस सदस्य सिलोचना वोट डालने पहुंची। भाजपा के सभी 17 सदस्यों को शाम 4.10 बजे एक निजी बस में साथ लाया गया। पार्टी के प्रभारी काशीराम गोदारा, जिलाध्यक्ष राजीवसिंह शेखावत, विशंभर पूनिया, ओमप्रकाश आबूसरिया साथ थे। कुछ ही देर में कांग्रेस के सदस्य राजस्थान पब्लिक स्कूल की बस में साथ आए और कतारबद्ध होकर वोट डाले। पार्टी की तरफ से झुंझुनूं विधायक बृजेंद्र ओला, पार्टी के प्रदेश सचिव खानू खान बुधवाली, अजीत यादव,जिलाध्यक्ष महेंद्रसिंह झाझड़िया, गिडानिया ब्लॉक अध्यक्ष मोहरसिंह सोलाना, राहुल मीणा आदि मौजूद थे। पांच बजे पहले सभी सदस्य वोट डाल चुके थे। तुरंत बाद ही वोटों की गिनती की गई, जिसमें सुमन को एक वोट से विजयी घोषित किया गया। सुमन को जिला निर्वाचन अधिकारी सोहता ने प्रमाण पत्र सौंपा और शपथ दिलाई।