चिड़ावा। जिला प्रमुख पद बचाने के लिए एक जुट हुई कांग्रेस में अगले ही दिन उपजिला प्रमुख चुनाव में बिखर गई। इसका फायदा भाजपा को हुआ और उसका उप प्रमुख पद पर कब्जा हो गया। जिला प्रमुख बनाने में साथ देने वाली रचना यादव को कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया था।
विधायक श्रवणकुमार के कुछ समर्थक सदस्य इसके खिलाफ थे। पूर्व ऊर्जा मंत्री डॉ. जितेंद्रसिंह के करीबी खेतड़ी के निवर्तमान प्रधान बजरंगसिंह चारावास तथा विधायक डॉ. राजकुमार शर्मा के नजदीकी जिला परिषद सदस्य दिनेश सूंडा ने भी निर्दलीय फार्म भर दिए। भाजपा ने कांग्रेस की इस फूट पर नजर रखी। उसके रणनीतिकारों ने अपने दो वरिष्ठ नेताओं पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. दशरथसिंह शेखावत एवं बनवारीलाल सैनी में से सहमति बनाई।
सैनी से पर्चा भरवाया गया। बनवारीलाल सैनी को 16 वोट जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की रचना यादव को 12 वोट मिले। बजरंगसिंह चारावास ने 7 वोट लेकर रचना के उप प्रमुख बनने की राह में रोड़ा बन गए। दिनेश सूंडा ने खुद को भी वोट नहीं दिया। कलेक्टर एसएस सोहता ने बनवारीलाल सैनी को शपथ दिलाकर प्रमाण दिया।
गांवों की जरूरत को ध्यान में रखकर कराएंगे काम
उप प्रमुख बने बनवारीलाल सैनी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें ग्रामीण क्षेत्र की समझ है। ग्रामीण क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकास कार्य कराए जाएंगे।
उपजिला प्रमुख चुनाव में भाजपा को भी भितरघात का सामना करना पड़ा। कांग्रेस के तीन प्रत्याशी मैदान में होने के कारण भाजपा उपजिला प्रमुख चुनाव जीत गई अन्यथा क्रॉस वोटिंग के कारण उसे यह पद भी गंवाना पड़ता। 35 सदस्य बोर्ड में भाजपा कांग्रेस के 17-17 सदस्य जीतकर आए। शनिवार को सभी सदस्य एक साथ वोट डालने आए और पार्टी को पूरे वोट मिले। रविवार को भी सभी सदस्य एक साथ वोटिंग के लिए पहुंचे।
लेकिन भाजपा के एक सदस्य ने क्रॉस वोटिंग कर दी। मतगणना में एक वोट कम मिलते ही भाजपा खेमे में कानाफूसी शुरू हो गई। एक दूसरे पर शक करने लगे। सूत्रों की माने तो यह क्रॉस वोटिंग निर्दलीय प्रत्याशी बजरंगसिंह के पक्ष में हुई। किसी बड़े नेता के नजदीकी सदस्य पर शक की सूई रहने से पार्टी पदाधिकारी कुछ कह नहीं पा रहे है। बहरहाल भाजपा के चुनाव प्रभारी काशीराम गोदारा ने कहा कि क्रॉस वोटिंग बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इसका पता लगाया जा रहा है। इसकी जांच कराई जा रही है।
उपप्रमुख एवं प्रधान के चुनाव में भाजपा ने बाजी मारी। उपजिला प्रमुख पद पर भाजपा के बनवारीलाल सैनी जीते। आठ पंचायत समितियों में पांच में भाजपा तीन में कांग्रेस के उपप्रधान बने। झुंझुनूं, नवलगढ़, चिड़ावा पंचायत समिति में कांग्रेस के उपप्रधान चुने गए। खेतड़ी, सूरजगढ़, बुहाना, अलसीसर, उदयपुरवाटी में भाजपा के उपप्रधान बने। खेतड़ी अलसीसर में सर्वसम्मति से उपप्रधान चुने गए।