आज होगी बच्चों के स्वास्थ्य की जांच
भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं
शिशुस्वास्थ्य दिवस के अवसर पर बुधवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी (आरसीएचओ) के निर्देशन में बीसीएमओ ब्लॉक आशा समन्वयक तैयारियों में जुटे हैं। आयोजन के लिए संबंधित ब्लॉक में सर्वाधिक जनसंख्या वाले गांव का चयन किया गया है। आरसीएचओ डॉ. दयानंदसिंह ने बताया कि शिशु स्वास्थ्य दिवस पर बुधवार को होने वाले कार्यक्रमों के लिए जिले के प्रत्येक ब्लॉक में एक-एक स्थान का चयन किया गया है। इनमें मलसीसर ब्लॉक में अलसीसर, झुंझुनूं में इस्लामपुर, नवलगढ़ में जाखल, उदयपुरवाटी में गुढ़ागौड़जी, बुहाना में सिंघाना, खेतड़ी में गोठड़ा, सूरजगढ़ में बलौदा तथा चिड़ावा ब्लॉक में मंड्रेला में आयोजन होंगे। यहां सीएचसी, सामुदायिक केंद्र, सार्वजनिक मैदान, स्कूल आदि में होेने वाले कार्यक्रमों में पांच वर्ष की उम्र तक के बच्चों को उनकी माताओं के साथ बुलाया गया है। इसके लिए चयनित क्षेत्र के सीएचसी / पीएचसी के प्रभारी अधिकारी उस क्षेत्र की आशाओं एवं एएनएम को निर्देशित किया गया था।
बच्चों की स्वास्थ्य जांच भी होगी
शिशुस्वास्थ्य दिवस पर हाेने वाले कार्यक्रमों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच भी की जाएगी। आरसीएचओ डॉ. दयानंदसिंह ने बताया कि टीम शिशुओं की जांच करेगी। आशाएं कार्यक्रम स्थल पर ही ओआरएस का घोल बनाने की प्रक्रिया एवं उसका लाभ माताओं को बताएंगी। प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें बाल स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न महिलाओं से पूछे जाएंगे। सही उत्तर देने वाली महिलाओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।